पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Business
  • Mukesh Ambani Radhakishan Damani Net Worth | Reliance Mukesh Ambani Vs DMart Radhakishan Damani Net Worth Wealth Today Latest Updates After Stock Market Crash Amid Coronavirus Fears

दुनिया में सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वालों में अंबानी 5वें नंबर पर, संपत्ति 1.37 लाख करोड़ घटी, देश में सबसे ज्यादा 3 हजार करोड़ का फायदा डी-मार्ट के दमानी को

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति 2.72 लाख करोड़ कम हुई
  • रियालंस इंडस्ट्रीज के 32%, आईटी कंपनी विप्रो के शेयर्स 22% घटे

नई दिल्ली. शेयर बाजार में शुक्रवार को भी उथल-पुथल जारी रही। ओपनिंग के 12 मिनट बाद लोअर सर्किट लगने के कारण कुछ समय के लिए ट्रेडिंग पर रोक भी लगी। दोबारा ट्रेडिंग शुरू होते ही सेंसेक्स 3600 अंक लुढ़क गया और थोड़े समय बाद बाजार में रिकवरी शुरू हो गई। इस उतार-चढ़ाव के बीच कई निवेशकों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन डी-मार्ट के मालिक राधाकृष्ण दमानी एकलौते ऐसे अरबपति भारतीय निवेशक रहे, जिनके लिए मार्केट पॉजिटिव रहा। वहीं, देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी, दुनिया में सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले 5वें व्यक्ति रहे।

1) शुक्रवार तक दमानी की संपत्ति 74 हजार करोड़ रुपए रही

रिपोर्ट के मुताबिक, डी-मार्ट सुपरमार्केट चेन के मालिक राधाकृष्ण दमानी की शुक्रवार तक कुल संपत्ति 10.1 अरब डॉलर यानी करीब 74 हजार करोड़ रुपए रही। इस साल उनकी संपत्ति में कुल 3 हजार करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। दूसरी तरफ, क्रूड ऑयल और बाजार में उथल-पुथल के कारण अंबानी की संपत्ति में 32% की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार तक रिलायंस इंडस्ट्री (आरआईएल) की नेटवर्थ 2.95 लाख करोड़ रुपए रही। यानी अब तक अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्री का वैल्यूएशन 1.37 लाख करोड़ रुपए कम हुआ है।

आरआईएल का वैल्यूशन 1.37 लाख करोड़ रुपए कम होने के बाद मुकेश अंबानी सबसे ज्यादा नुकसान झेलने वाले दुनिया के पांचवें व्यक्ति बन गए। पहले स्थान पर अरबपति बर्नार्ड अरनॉल्ट रहे, जिनकी नेटवर्थ 2.72 लाख करोड़ रुपए कम हुई। दूसरे पर अमानिको ओर्टेगा रहे, जिनकी नेटवर्थ 1.72 लाख करोड़ रुपए कम हुई। तीसरे पर वॉरेन बफेट रहे, जिनकी नेटवर्थ 1.41 लाख करोड़ कम हुई। चौथे स्थान पर फेसबुक के मार्क जकरबर्ग रहे, जिनकी नेटवर्थ 1.39 लाख करोड़ रुपए कम हो गई।

नेटवर्थ कम होने के मामले में अगर भारतीय अरबपतियों की बात की जाए तो मार्केट क्रैश के बाद विप्रो के अजीम प्रेमजी की नेटवर्थ 1.11 लाख करोड़ रुपए, एचसीएल के शिव नडार की 99 हजार करोड़ रुपए, कोटक महिंद्रा बैंक के उदय कोटक की 91 हजार करोड़ और लक्ष्मी मित्तल की 63 हजार करोड़ कम हुई।

इस साल मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्री के शेयर्स में 30.78 फीसदी, आईटी कंपनी विप्रो के शेयर्स में 22 फीसदी, एचसीएल के शेयर्स में 13 फीसदी गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दमानी के डी-मार्ट के शेयर्स में 8.64 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।

कोरोना के बढ़ते असर के कारण दुनियाभर के निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। 20 जनवरी से अब तक घरेलू निवेशकों को 46 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। 38 कारोबारी सत्र पहले बीएसई का कुल कैप जहां 159.28 लाख करोड़ था, शुक्रवार सुबह तक यह घटकर 113.49 लाख करोड़ हो गया। हालांकि, मार्केट रिकवर होने के बाद यह 129 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया।

खबरें और भी हैं...