• Hindi News
  • Business
  • Retail Inflation May Rise To 6.9% For The First Time In 4 Months, Data Will Be Released At 05.30 Pm

अगस्त में बढ़ी रिटेल महंगाई:दाल-चावल और गेहूं के दाम बढ़ने से महंगाई 7% पर पहुंची, जुलाई में 6.7% रही थी

नई दिल्ली9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

अगस्त में रिटेल महंगाई तीन महीनों की गिरावट के बाद बढ़कर 7% हो गई। जुलाई में ये 6.7% थी। एक साल पहले यानी अगस्त 2021 में ये 5.30% थी। कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) आधारित रिटेल महंगाई दर के आंकड़े सोमवार को जारी किए गए।

खाने-पीने का सामान खास तौर पर दाल-चावल, गेहूं और सब्जियों की कीमतों के बढ़ने की वजह से महंगाई बढ़ी है। अगस्त में फूड इन्फ्लेशन 7.62% हो गई जो जुलाई में 6.69% थी। जून में 7.75% रही थी। मई में यह 7.97% और अप्रैल में 8.38% थी।

रिटेल महंगाई दर लगातार 8 महीनों से RBI की 6% की ऊपरी लिमिट के पार बनी हुई है। जनवरी 2022 में रिटेल महंगाई दर 6.01%, फरवरी में 6.07%, मार्च में 6.95%, अप्रैल में 7.79%, मई में 7.04% और जून में 7.01% दर्ज की गई थी।

फूड प्राइसेस में बढ़ोतरी चिंताजनक
नाइट फ्रैंक इंडिया के रिसर्च डायरेक्टर विवेक राठी ने कहा, कच्चे तेल की कीमत में गिरावट के बावजूद अर्थव्यवस्था में महंगाई का स्तर ऊंचा बना हुआ है। फूड प्राइसेस में बढ़ोतरी और इंडियन करेंसी पर दबाव चिंता का कारण है। महंगाई के आंकड़े अपकमिंग मॉनेटरी पॉलिसी की दिशा तय करेंगे। पिछले 5 महीनों में RBI महंगाई से निपटने के लिए तीन बार ब्याज दरें बढ़ा चुकी है।

महंगाई कैसे प्रभावित करती है?
महंगाई का सीधा संबंध पर्चेजिंग पावर से है। उदाहरण के लिए, यदि महंगाई दर 7% है, तो अर्जित किए गए 100 रुपए का मूल्य सिर्फ 93 रुपए होगा। इसलिए महंगाई को देखते हुए ही निवेश करना चाहिए। नहीं तो आपके पैसे की वैल्यू कम हो जाएगी।

महंगाई कैसे बढ़ती-घटती है?
महंगाई का बढ़ना और घटना प्रोडक्ट की डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करता है। अगर लोगों के पास पैसे ज्यादा होंगे तो वह ज्यादा चीजें खरीदेंगे। ज्यादा चीजें खरीदने से चीजों की डिमांड बढ़ेगी और डिमांड के मुताबिक सप्लाई नहीं होने पर इन चीजों की कीमत बढ़ेगी।

इस तरह बाजार महंगाई की चपेट में आ जाता है। सीधे शब्दों में कहें तो बाजार में पैसों का अत्यधिक बहाव या चीजों की शॉर्टेज महंगाई का कारण बनता है। वहीं अगर डिमांड कम होगी और सप्लाई ज्यादा तो महंगाई कम होगी।

RBI कैसे कंट्रोल करती है महंगाई?
महंगाई कम करने के लिए बाजार में पैसों के बहाव (लिक्विडिटी) को कम किया जाता है। इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) रेपो रेट बढ़ाता है। बढ़ती महंगाई से चिंतित RBI ने हाल ही में रेपो रेट में 0.50% इजाफा किया है। इससे रेपो रेट 4.90% से बढ़कर 5.40% हो गया है।

CPI क्या होता है?
दुनियाभर की कई इकोनॉमी महंगाई को मापने के लिए WPI (Wholesale Price Index) को अपना आधार मानती हैं। भारत में ऐसा नहीं होता। हमारे देश में WPI के साथ ही CPI को भी महंगाई चेक करने का स्केल माना जाता है।

भारतीय रिजर्व बैंक मौद्रिक और क्रेडिट से जुड़ी नीतियां तय करने के लिए थोक मूल्यों को नहीं, बल्कि खुदरा महंगाई दर को मुख्य मानक (मेन स्टैंडर्ड) मानता है। अर्थव्यवस्था के स्वभाव में WPI और CPI एक-दूसरे पर असर डालते हैं। इस तरह WPI बढ़ेगा, तो CPI भी बढ़ेगा।

रिटेल महंगाई की दर कैसे तय होती है?
कच्चे तेल, कमोडिटी की कीमतों, मैन्युफैक्चर्ड कॉस्ट के अलावा कई अन्य चीजें भी होती हैं, जिनकी रिटेल महंगाई दर तय करने में अहम भूमिका होती है। करीब 299 सामान ऐसे हैं, जिनकी कीमतों के आधार पर रिटेल महंगाई का रेट तय होता है।

जुलाई में इंडस्ट्रियल ग्रोथ घटकर 2.4% रह गई
इस बीच, इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन (IIP) की मापी गई इंडस्ट्रियल ग्रोथ जुलाई में घटकर 2.4% रह गई, जबकि जून में यह 12.3% थी। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर आउटपुट 3.2% बढ़ा। माइनिंग आउटपुट में 3.3% की कमी आई, जबकि बिजली उत्पादन में 2.3% की बढ़ोतरी हुई।