कल की भारी गिरावट के बाद आज बाजार तेजी के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 886 पॉइंट्स (1.56%) की बढ़त के साथ 57,633 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 267 अंक बढ़कर 17169 पर बंद हुआ।
लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में 3.54 लाख करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। कल यह 256.73 लाख करोड़ रुपए था जो आज 260.27 लाख करोड़ रुपए हो गया।
57,125 पर खुला था सेंसेक्स
आज सेंसेक्स 378 पॉइंट्स ऊपर 57,125 पर खुला था। दिन में इसने 57,905 का ऊपरी स्तर बनाया जबकि 56,992 का निचला लेवल बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में 29 बढ़त के साथ बंद हुए। केवल एशियन पेंट्स गिरावट में रहा। टाटा स्टील 4% तेजी के साथ बंद हुआ। एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, इंडसइंड सहित सभी बैंक बढ़त में रहे। इनमें 1 से 3% की तेजी रही।
2344 शेयर्स बढ़त में बंद हुए
आज 3,394 कंपनियों के शेयर में कारोबार हुआ। इसमें से 2,344 शेयर्स बढ़त के साथ जबकि 937 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। 462 स्टॉक अपर सर्किट में और 173 लोअर सर्किट में रहे। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 17,044 पर खुला था। इसने दिन में 17,251 का ऊपरी स्तर बनाया और 16,987 का निचला स्तर बनाया। इसके मिड कैप 50, बैंक, फाइनेंशियल और निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स बढ़त में रहे।
निफ्टी के 47 स्टॉक तेजी में
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 45 स्टॉक तेजी में जबकि 5 गिरावट में रहे। इसके बढ़ने वाले शेयर्स में हिंडालको, JSW स्टील, टाटा स्टील और कोटक बैंक हैं। गिरावट वाले शेयर्स में सिप्ला, टेक महिंद्रा, एयरटेल और डिवीज लैब हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स करीब 949 पॉइंट (1.65%) की गिरावट के साथ 56747 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 284 अंक (1.65%) टूटकर 16912 पर बंद हुआ था। इस वजह से मार्केट कैप में 4.29 लाख करोड़ रुपए की कमी आई थी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.