शेयर बाजार में लगातार गिरावट जारी है। आज साप्ताहिक एक्सपायरी के दिन बाजार पर दबाव रहा। अमेरिका में महंगाई दर के आंकड़े आने का असर शेयर बाजार पर दिखा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 433 पॉइंट्स (0.72%) टूटकर यह 59,919 पर बंद हुआ। हालांकि दिन में यह एक बार 600 पॉइंट्स तक गिर गया था। इसने 59,656 का निचला स्तर बनाया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 143 (0.8%) टूटकर 18,873 पर बंद हुआ। इसने दिन में 17,798 का निचला स्तर जबकि 17,971 का हाई बनाया। निफ्टी मिडकैप 0.9%, निफ्टी बैंक 1.19% और निफ्टी फाइनेंशियल 1.25% टूटकर बंद हुआ। निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स में 0.43% की गिरावट आई।
निफ्टी में गिरने वाले शेयर्स में एसबीआई, एसबीआई लाइफ और ओएनजीसी के शेयर्स 2-2% टूटे जबकि बढ़त वाले शेयर्स में टाइटन, हिंडालको और जेएसडब्ल्यू प्रमुख शेयर्स में रहे।
बैंकिंग और टेक शेयर्स ज्यादा टूटे
बैंकिंग और टेक के शेयर्स में ज्यादा गिरावट रही। मार्केट कैप 267.47 लाख करोड़ रुपए रहा, जो बुधवार को 268.94 लाख करोड़ रुपए था। अमेरिका में महंगाई दर 30 साल में सबसे ज्यादा हो गई है। अक्टूबर में यह 6.2% हो गई है। इसी तरह चीन में भी प्रोड्यूसर प्राइस इंफ्लेशन की दर 13.5% बढ़ गई है। इससे ग्लोबल कमोडिटी की कीमतों में तेजी आने की संभावना है। आज सेंसेक्स 61 अंक नीचे 60,291 पर खुला था। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 24 शेयर्स में गिरावट रही। 6 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए।
कल गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले कल बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 80 पॉइंट्स (0.13%) गिरकर 60,352 पर बंद हुआ था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 27 अंक (0.15%) गिरकर 27,080 पर बंद हुआ था। इंडसइंड बैंक का शेयर 3.21% टूटकर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते यह शेयर एक दिन में ही 10% टूट गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.