अडाणी पोर्ट्स में 8.63% की तेजी:NDTV, अंबुजा और ACC भी चढ़े, अडाणी एंटरप्राइजेज 2% टूटा; सेंसेक्स 334 अंक गिरकर 60,506 पर बंद

मुंबई4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (6 फरवरी 22) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 334 अंकों की गिरावट के साथ 60,506 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 89 अंक गिरकर 17,764 पर आ गया है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 शेयरों में गिरावट रही। वहीं 9 शेयरों में तेजी देखने को मिली।

अडाणी एंटरप्राइजेज 2.05% टूटा
अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट जारी है। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 13 दिन में करीब 55% टूट चुका है। वहीं आज अडाणी ट्रांसमिशन में 10.00% और अडाणी एंटरप्राइजेज में 2.05% की गिरावट आई है। इसके अलावा अडाणी ग्रीन, टोटल गैस, विल्मर और पावर में 5-5% की गिरावट रही।

अडाणी पोर्ट्स में 8.63% की तेजी
इस बीच अडाणी पोर्ट्स में 8.63% की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा अडाणी ग्रुप द्वारा हाल ही में खरीदी गई कंपनी NDTV में 2.42%, ACC में 1.97% और अंबुजा सीमेंट में 0.91% की तेजी आई। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

डिविस लैब और JSW स्टील टॉप लूजर
डिविस लैब, JSW स्टील, हिंडाल्को, टाटा स्टील, इंफोसिस, अडाणी एंटरप्राइजेज, कोटक बैंक समेत निफ्टी-50 के 34 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं अडाणी पोर्ट्स, इंडसइंड बैंक, BPCL, अपोलो हॉस्पिटल, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज फाइनेंस और पावर ग्रिड समेत निफ्टी के 16 शेयरों में तेजी रही।

मेटल सेक्टर में 2.20% की गिरावट
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 6 में गिरावट देखने को मिली। मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.20% की गिरावट रही। बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, IT और प्राइवेट बैंक सेक्टर में भी गिरावट आई। वहीं FMCG, मीडिया, फार्मा, PSU बैंक और रियल्टी सेक्टर में तेजी देखने को मिली।

अडाणी ट्रांसमिशन का मुनाफा 78% बढ़ा
अडानी ट्रांसमिशन ने सोमवार (6 फरवरी) को दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का मुनाफा इस तिमाही में 78% बढ़कर 474.72 करोड़ रुपए हो गया है। ये पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 267 करोड़ रुपए था। वहीं कंपनी का टोटल रेवेन्यू 3,551.7 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 2,911.7 करोड़ रुपए के मुकाबले 22% ज्यादा है।

कंपनी ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूशन लॉसेज घटकर 5.6% हो गए हैं। कलेक्शन एफिशिएंसी 100% से ऊपर रही। हालांकि, हाल के समय में कोयले की कीमतों और बिजली खरीद लागत में बढ़ोतरी का प्रभाव मंथली बिलिंग में फ्यूल एडजस्टमेंट चार्जेज की रिकवरी से आंशिक रूप से ऑफसेट हो गया है।

शुक्रवार को 900 अंक चढ़ा था बाजार
पिछले हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, शुक्रवार को सेंसेक्स 909 अंकों की तेजी के साथ 60,841 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 243 अंकों की तेजी के साथ 17,854 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में लगातार पांचवें दिन यह तेजी देखने को मिली थी।