हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन में आज शेयर बाजार में मामूली गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 12 पॉइंट्स गिरकर 61,223 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2 अंक गिरकर 18,255 पर बंद हुआ।
हालांकि दिन में सेंसेक्स में 400 अंक से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी। पर अंतिम घंटे में बाजार में रिकवरी हुई और यह मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। एक्सिस बैंक का शेयर 2% से ज्यादा गिरा।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप कल 278.13 लाख करोड़ रुपए था, जो आज 278.36 लाख करोड़ रुपए रहा। चीनी कंपनियों के शेयर्स में आज भी जबरदस्त तेजी रही। बलरामपुर, धामपुर, द्वारिकेश जैसी कंपनियों के शेयर 2-5% ऊपर रहे। पिछले 3-4 दिनों से इस सेक्टर की कंपनियों के स्टॉक तेजी में हैं।
195 अंक नीचे खुला था सेंसेक्स
सेंसेक्स आज 195 पॉइंट्स नीचे 61,040 पर खुला था। दिन में इसने 61,324 का ऊपरी और 60,757 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 13 गिरावट में जबकि केवल 17 बढ़त में बंद हुए। बढ़ने वाले प्रमुख शेयर्स में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, मारुति और रिलायंस सहित अन्य रहे। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में HCL टेक, एशियन पेंट्स, HDFC, विप्रो, टाटा स्टील, सन फार्मा, टाइटन और एक्सिस बैंक रहे।
टेक महिंद्रा, नेस्ले, TCS और ICICI बैंक के साथ डॉ. रेड्डी का स्टॉक भी गिरावट में रहा। सेंसेक्स के 567 शेयर अपर सर्किट में और 280 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब यह हुआ कि एक दिन में इससे ज्यादा गिरावट इन शेयर्स की कीमतों में नहीं हो सकती है।
निफ्टी में 2 अंकों की गिरावट
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2 अंकों की गिरावट के साथ 18,255 पर बंद हुआ। इसने 18,286 का ऊपरी और 18,119 का निचला स्तर बनाया। यह 18,185 पर खुला था। इसके 50 स्टॉक में से 20 बढ़त में और 30 गिरावट में रहे। निफ्टी के नेक्स्ट 50, मिडकैप, फाइनेंशियल और बैंकिंग इंडेक्स में गिरावट है।
एशियन पेंट्स और एक्सिस बैंक भी गिरे
गिरने वाले स्टॉक में HCL टेक, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक और विप्रो हैं। बढ़ने वाले शेयर में इंडियन ऑयल, मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत पेट्रोलियम और टाटा कंज्यूमर हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 85 पॉइंट्स ऊपर 61,235 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45 अंक बढ़कर 18,257 पर बंद हुआ था। विप्रो के शेयर में 6% की गिरावट रही। टाटा स्टील के स्टॉक में 6% से ज्यादा की बढ़त रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.