हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 364.91 पॉइंट या 0.67% की गिरावट के साथ 54,470.67 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी में भी 109.40 पॉइंट या 0.67% की गिरावट रही। ये 16,301.85 पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा गिरावट बैंक, मेटल, मीडिया और FMCG के शेयरों में है।
सेंसेक्स आज 647 पॉइंट्स की गिरावट के साथ 54,188 पर और निफ्टी 183 पॉइंट नीचे 16,227 पर खुला था। बीते हफ्ते में सेंसेक्स में 2,225 अंक, यानी 3.89% की गिरावट देखने को मिली थी। शुक्रवार को यह 54,835 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी पूरे हफ्ते में 691 अंक या 4.04% की गिरावट रही थी और ये 16,411 के स्तर पर बंद हुआ था।
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी गिरावट
BSE के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी गिरावट है। मिडकैप इंडेक्स 437.43 पॉइंट या 1.89% की गिरावट के साथ 22,692.18 पर बंद हुआ। स्मॉलकैप इंडेक्स 451.20 पॉइंट या 1.67% लुढ़ककर 26,641.21 पर बंद हुआ। मिडकैप में सबसे ज्यादा 8.10% की गिरावट कैनरा बैंक में देखने को मिली। टाटा पावर, पेज इंडस्ट्रीज और जी एंटरटेनमेंट में भी करीब 6% की गिरावट रही।
IT को छोड़ सभी सेक्टर में गिरावट
NSE पर 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 10 में गिरावट रही। केवल IT इंडेक्स 0.05% की मामूली तेजी के साथ बंद हुआ। सबसे ज्यादा 2.65% की गिरावट निफ्टी मीडिया और सरकारी बैंक इंडेक्स में 2.34% की गिरावट रही। मेटल में 2.03% और FMCG में 1.47% की गिरावट देखने को मिली। बैंक और रियल्टी भी करीब 1% फिसलकर बंद हुए।
निफ्टी पर चढ़ने वाले टॉप 5 शेयर
शेयर | प्रीवियस क्लोज | LTP | % चेंज |
पावरग्रिड | 238.40 | 245.85 | 3.13 |
एचसीएल टेक | 1,050.20 | 1,082.90 | 3.11 |
इंफोसिस | 1,542.85 | 1,573.15 | 1.96 |
बजाज ऑटो | 3,499.75 | 3,567.55 | 1.94 |
डिविस लैब | 4,165.85 | 4,235.35 | 1.67 |
निफ्टी पर गिरने वाले टॉप 5 शेयर
शेयर | प्रीवियस क्लोज | LTP | % चेंज |
रिलायंस | 2,620.65 | 2,508.00 | 4.30 |
नेस्ले इंडिया | 16,995.45 | 16,510.90 | 2.85 |
हीरोमोटोकॉर्प | 2,563.35 | 2,494.95 | 2.67 |
इंडसइंड बैंक | 915.40 | 891.15 | 2.65 |
टाटा स्टील | 1,283.70 | 1,251.20 | 2.53 |
बाजार के गिरने के कारण
ज्यादातर एक्सपर्ट बाजार में गिरावट के लिए कमजोर रुपया, कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन, बढ़ती महंगाई, रूस-यूक्रेन जंग, पाम ऑयल का इंपोर्ट रुकना और क्रूड-ऑयल की बढ़ती कीमतों को मान रहे हैं। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के हेड ऑफ रिसर्च विनोद नायर ने कहा, रुपए की कमजोरी और चीन में कोरोना के कारण किए गए कड़े लॉकडाउन ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है।
कैम्पस एक्टिववियर की शानदार लिस्टिंग
बाजार में गिरावट के बावजूद सोमवार को कैंपस एक्टिववियर ने स्टॉक एक्सचेंज पर शानदार डेब्यू किया। कैंपस 292 रुपए के अपर प्राइस बैंड से 63 रुपए या 21.58% की बढ़त के साथ 355 रुपए पर लिस्ट हुआ। लिस्टिंग के वक्त कंपनी का मार्केट कैप 10,803.57 करोड़ रुपए था। ये 86.90 या 29.76% बढ़कर 378.90 पर बंद हुआ।
डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर रुपया
डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 77 रुपए के पार चला गया है। रुपया आज 27 पैसे कमजोर होकर 77.17 पर खुला और 52 पैसे कमजोर होकर 77.42 तक पहुंच गया। शुक्रवार को रुपया 76.90 पर बंद हुआ था। एक्सपर्ट के मुताबिक ग्लोबल इक्विटी मार्केट में गिरावट और महंगाई का असर रुपए पर दिख रहा है।
रिलायंस के तिमाही नतीजों से खुश नहीं बाजार
कंपनी की मार्च तिमाही के नतीजे बाजार अनुमानों से कम है। इस कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 4% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। रिलायंस 112.65 या 4.30% की गिरावट के साथ 2,508 रुपए पर बंद हुआ। 29 अप्रैल के बाद से यह शेयर करीब 10% गिर चुका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.