भारतीय शेयर बाजार में आज यानी बुधवार (15 मार्च) को लगातार पांचवें कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 344 अंक गिरकर 57,556 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 123 अंक गिरा है, यह 16,972 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 9 में बढ़त रही। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग स्टॉक्स सबसे आगे रहे।
निवेशकों के 8.5 लाख करोड़ रुपए डूबे
बाजार में 5 दिनों की गिरावट से निवेशकों के करीब 8.5 लाख करोड़ रुपए डूब गए। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 15 मार्च को घटकर 255.76 लाख करोड़ रुपए हो गया। 9 मार्च को ये 264.30 लाख करोड़ रुपए था।
अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.74% चढ़ा
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 7 में बढ़त और 3 में गिरावट देखने को मिली है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.74% बढ़ा है। अडाणी पोर्ट्स में 4.19% की बढ़त रही। हालांकि अडाणी टोटल गैस, पावर और ACC के शेयरों में गिरावट रही।
अमेरिकी बाजार चढ़कर बंद हुए
अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। डाउ जोन्स में 336.26 अंकों या 1.06% की तेजी रही और यह 32,155.4 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 64.8 अंक मजबूत होकर 3,920.56 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 239.31 अंकों की तेजी रही और यह 11,428.15 के लेवल पर बंद हुआ।
कल भी भारतीय बाजार में गिरावट थी
कल यानी मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। 14 मार्च को सेंसेक्स 337 अंक गिरकर 57,900 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 111 अंक गिरा था, यह 17,043 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों गिरावट में और सिर्फ 7 में तेजी रही थी।
FII नेट सेलर्स और DII नेट बायर्स
14 मार्च के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) नेट सेलर्स रहे। वहीं इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्ध प्रोविजनल डाटा के अनुसार FII ने बाजार से 3086.96 करोड़ रुपए निकाल लिए। DII ने 2121.94 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
25 महीने के निचले स्तर पर थोक महंगाई
सरकार ने कल थोक महंगाई दर (WPI) के आंकड़े जारी किए थे। इसके अनुसार फरवरी में थोक महंगाई घटकर 3.85% आ गई है। यह 25 महीने का निचला स्तर है। जनवरी 2023 में थोक महंगाई दर 4.73% रही थी। दिसंबर में थोक महंगाई दर 4.95% रही थी। आलू, प्याज, फ्यूल जैसे आइटम के सस्ते होने से महंगाई में ये गिरावट आई है। फरवरी 2021 में ये 4.83% और जनवरी 2021 में ये 2.03% थी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.