दुनियाभर के अमीरों में दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। भारतीय भी पीछे नहीं हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दुबई में अप्रैल 2015 से मार्च 2022 के बीच 1.86 लाख करोड़ रुपए की अचल संपत्ति सिर्फ भारतीय नागरिकों ने खरीदी है। रिकॉर्ड में यह बात भी सामने आई है कि दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने का शौक भारतीयों में 2004 के बाद तेजी से बढ़ा है।
यहां प्रॉपर्टी खरीदने वाले बाहरी देशों के नागरिकों की संख्या में भारत के लोग ब्रिटेन और रूस के बाद तीसरे स्थान पर हैं। इसकी वजह एक खास नियम भी है, जिसके तहत यहां प्रॉपर्टी खरीदने वाला 10 साल तक बिना वीसा भी रह सकता है। कोरोनाकाल के बाद 2022 में दुबई में प्रॉपर्टी की डिमांड तेजी से बढ़ी।
30 हजार रु./वर्ग फीट तक पहुंच रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी की कीमत
रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी की कीमत 30 हजार रु./वर्ग फीट तक पहुंच गई है। दुबई के बड़े डेवलपर डेन्यूब रियल एस्टेट के मालिक रिजवान साजन ने भास्कर को बताया कि पिछले एक साल में रूस, यूक्रेन और ब्रिटेन के अमीरों का रुख दुबई की ओर हुआ है। इसकी एक वजह तो युद्ध हो सकती है, जबकि दूसरी वजह ब्रिटेन में तेजी से बढ़ी प्रॉपर्टी की कीमतें हैं। दुबई में प्रॉपर्टी की कीमतें यूरोप के मुकाबले धीमी गति से बढ़ी हैं।
अहम बात... दुबई में लग्जरी रेसिडेंशियल प्रॉपर्टी खरीदने में अब भारतीय टॉप पर
दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने के मामले में भारतीय वैसे तो टॉप-5 में पिछले 20 साल से बने हुए हैं। लेकिन, लग्जरी प्रॉपर्टी खरीदने के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। रियल एस्टेट के लग्जरी सेग्मेंट के बड़ी डेवलपर कंपनी दामेक प्रॉपर्टीज की रिलेशनशिप मैनेजर जाइना समाद ने भास्कर को बताया कि यहां वही भारतीय बसना चाहते हैं, जो जरूरत पड़ने पर चंद घंटों में भारत आ-जा सकते हैं।
रियल एस्टेट सेक्टर में निवेशकों की संख्या 53% बढ़ी
यूरोप-अमेरिका के देशों से ऐसा संभव नहीं है। समाद के अनुसार, दुबई रियल एस्टेट ने 2022 में खरीद वैल्यू में 76.5% और संख्या में 44.7% की वृद्धि दर्ज की है। ये आश्चर्यजनक आंकड़े हैं। रियल एस्टेट सेक्टर में निवेशकों की संख्या सिर्फ एक साल में ही 53% तक बढ़ी है, जोकि एक रिकॉर्ड है।
मास्टर प्लान 2040... दुबई का पूरा फोकस ‘भविष्य के शहर’ बसाने पर
दुबई भूमि विभाग के महानिदेशक सुल्तान भुट्टी बिन मेजरेन ने बताया, ‘अमीरात के रियल एस्टेट सेक्टर का पूरा फोकस भविष्य के लिए नए शहर विकसित करने पर है। 2026 तक हम दुबई को दुनिया के सबसे बेहतरीन रेसिडेंशियल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं। 2022 में अमीरात में प्रॉपर्टी के कुल 1,22,658 सौदे हुए, जो 2021 से 44.7% अधिक हैं। 2033 तक दुबई की अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना करने का लक्ष्य है।’
दुबई प्रशासन के अनुसार, रियल एस्टेट सेक्टर के लिए 2040 का मास्टर प्लान बन चुका है। उसी के तहत योजनाबद्ध तरीके से प्रॉपर्टी विकसित की जा रही है, ताकि भविष्य में रेसिडेंशियल सेक्टर की ग्रोथ तेजी से बढ़ती रहे। प्रॉपर्टी पर सबसे कम टैक्स भी यहां आकर्षण बना रह सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.