शेयर बाजार में हाल की बड़ी गिरावट भले ही निवेशकों को बहुत परेशान कर रही हो, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि बजट से पहले के महीने में अकसर ऐसी गिरावट आती है। बीते 10 साल में बजट से पहले वाले महीने में 6 मौकों पर बाजार गिरा है। इस साल भी अब तक 31 दिसंबर 2021 के लेवल से सेंसेक्स 395.67 अंक (0.7%) नीचे है। हालांकि 2016 के बजट पूर्व महीने में आई 7.5% की गिरावट की तुलना में यह गिरावट काफी कम है।
विश्लेषकों का मानना है कि 1 फरवरी को बजट पेश होने तक बाजार इस गिरावट से उबरकर तेजी दिखाएगा। एलकेपी सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड एस. रंगनाथन के मुताबिक, बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद इस साल बजट बाद रैली की संभावना है। कारण यह है कि निवेशकों को बजट से ज्यादा उम्मीद नहीं है। ऐसे में निराश करने वाला बजट आने की आशंका भी कम है।
बजट से पहले वाले महीने में शेयर बाजार का रुझान
साल | बाजार कितना बढ़ा या गिरा |
2012 | -3.8% |
2013 | -6.2% |
2014 | -0.8% |
2015 | -0.7% |
2016 | -7.5% |
2017 | 5.7% |
2018 | 6.2% |
2019 | 0.6% |
2020 | -3.8% |
2021 | 1.5% |
2022 | -0.7% |
इस साल बजट के अलावा तीन अन्य घटनाएं भी महत्वपूर्ण
ओमिक्रॉन का फैलाव
कोविड के ओमिक्रॉन वैरिएंट का संक्रमण तेजी से बढ़ा है। कई क्षेत्रों में यह पीक पर पहुंच गया है और अब बाजार की नजर इसे रोकने के लिए लगाई गई पाबंदियां हटने पर है।
महंगाई और फेड
बीते कुछ हफ्तों से कच्चे तेल के दाम बढ़ने और अन्य कारणों से दुनियाभर में महंगाई बढ़ी है। इसकी तपिश कम करने के लिए अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेड के एक्शन पर नजर है।
कंपनियों के नतीजे
दिसंबर तिमाही के लिए कंपनियों के नतीजे आने लगे हैं। अब तक ये करीब-करीब बाजार के अनुमान पर खरे उतरे हैं। बाकी नतीजों का असर सेंटिमेंट पर होगा।
शेयर बाजार में पांच दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 367 अंक चढ़ा
मुंबई| घरेलू शेयर बाजार में पांच दिन से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई। सेंसेक्स 367 अंकों (0.64%) की तेजी के साथ 57,858 पर और निफ्टी 129 (0.75%) चढ़कर 17,278 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों के मजबूत रुख के बीच निवेशकों ने बैंकिंग, ऑटो और एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी की। हालांकि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले कुल मिलाकर सेंटिमेंट सतर्कता भरा रहा। बीते पांच दिनों में सेंसेक्स 3,817 अंक और निफ्टी 1,159 अंक गिरा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.