भारत की बेरोजगारी दर अक्टूबर माह में 6.98% रही। इससे पहले सितंबर में 6.67% रही थी। इसी दौरान ग्रामीण बेरोजगारी दर भी बढ़कर 6.90% हो गई है, जो सितंबर में 5.86% रही थी। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (CMIE) द्वारा जारी डेटा के मुताबिक सितंबर माह में हरियाणा राज्य में बेरोजगारी दर 27.3% रही।
कोरोना का असर
CMIE के मुताबिक कोरोना महामारी के कारण बेरोजगारी की दर में बढ़त देखने को मिली है। क्योंकि, दुनियाभर की अर्थव्यवस्था महामारी के कारण बुरी तरह से प्रभावित हुई है। इसमें भारत भी शामिल है। देश में अब तक 82 लाख से ज्यादा कोरोना के मामले आ चुके हैं। इससे कारोबार की रफ्तार को ब्रेक लगा है। हालांकि, अलग-अलग सेक्टर्स से आ रहे डेटा में अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत नजर आने लगी हैं। 2020 के लिए भारत की अनुमानित बेरोजगारी दर 5.4% है।
राज्यों की बेरोजगारी दर
बेरोजगारी दर राज्यों के लिहाज से देखें तो हरियाणा लिस्ट में सबसे ऊपर है। इसके बाद राजस्थान, जम्मू एंड कश्मीर और हिमाचल प्रदेश का नंबर आता है, जहां क्रमश: 24.1%, 16.1% और 13.5% की दर है। इसमें पूर्वाेत्तर राज्य सिक्किम की बेरोजगारी दर 0.9% है, जो सबसे कम है।
अक्टूबर में बेरोजगारी के लिहाज से टॉप-5 राज्य
राज्य | बेरोजगारी दर |
हरियाणा | 27.3% |
राजस्थान | 24.1% |
J&K | 16.1% |
हिमाचल प्रदेश | 13.5% |
झारखंड | 11.8% |
देश के प्रमुख राज्यों में भी अक्टूबर माह में उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर क्रमश: 3.8%, 9.8% और 3.1% रही। इसके अलावा गुजरात में 4% और महाराष्ट्र में 4.1% रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.