रायपुर | गोलबाजार नयापारा में एक महिला के मकान पर कुछ लाेगों ने कब्जा कर लिया है। मकान खाली करने के बदले मालिक से ही 25 लाख फिरौती मांग रहे थे। आरोपी पैसा लिए बिना मकान खाली करने से इंकार कर रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मकान में कब्जा करने वाली लक्ष्मी यादव, मोहन ठाकुर और राजेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक रीता देवी गोवानी ने 2008 में नयापारा में राधा सिंह से मकान खरीदा था। वहां लक्ष्मी यादव किराए पर रहती है। राधा ने रीता देवी को मकान बेच दिया। उनकी कुछ साल पहले मौत हो गई। रीता देवी मकान में रहने गई, तो लक्ष्मी ने मकान छोड़ने से मना किया। फिर पैसे मांगने लगी। पुलिस में शिकायत की गई।
दोनों पक्षों से मकान का दस्तावेज मांगा गया, लेकिन लक्ष्मी यादव पेश नहीं कर पाई। रीता ने पुलिस में मकान के दस्तावेज जमा कर दिए। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है।