- Hindi News
- National
- Ambikapur News Chhattisgarh News 8 New Areas Bordering The City Will Be Included
सीमाओं से लगे 8 नए क्षेत्र होंगे शहर में शामिल
बिश्रामपुर रोड में रेलवे स्टेशन जैसे इलाके हो जाएंगे शहर का हिस्सा
शहर की सीमाओं से लगे आठ नए क्षेत्र नगर निगम में शामिल किए जाएंगे। नगर निगम ने अप्रैल में शुरू होने जा रही जनगणना के लिए इन क्षेत्रों को शहर में शामिल करने का प्रपोजल तैयार किया है और उम्मीद है कि सभी इलाके साल भर के भीतर शहर के हिस्सा होंगे। प्रस्तावित इलाके जो शहर में शामिल हो सकते हैं उनमें बिश्रामपुर रोड से लगे रेलवे स्टेशन, अजिरमा, भगवानपुर जैसी पंचायतें हैं। रेलवे स्टेशन अभी तक सूरजपुर जिले में था। पिछले साल ही ये इलाका सरगुजा में शामिल हुआ है। नगर निगम द्वारा पिछले कार्यकाल में ही इन क्षेत्रों में शहर में शामिल करने का प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा गया था।
सीमाएं बढ़ने के साथ बढ़ जाएगी आबादी: आयुक्त हरेश मंडावी ने कहा कि नए क्षेत्रों के शामिल होने से शहर की सीमाएं बढ़ने के अलावा आबादी बढ़ जाएगी। कोशिश है कि शहर की आबादी दो लाख से ऊपर हो जाए। अभी नगर निगम की कुल आबादी सवा लाख है। नए क्षेत्रों के शामिल होने से इन इलाकों में बदलाव दिखेगा।
नए क्षेत्रों में सड़क, नाली अब भी बड़ी समस्या
नए क्षेत्रों के शामिल होने के साथ यहां के विकास के लिए समुचित विकास के प्लान पर काम करना होगा। क्योंकि नगर निगम में इससे पहले शामिल 18 वार्डों में अभी भी सुविधाओं की कमी है। सड़क, नाली के अलावा पेयजल की समस्या है।
17 साल पहले 28 वार्डों वाली नपा बनी थी निगम
अंबिकापुर को 2003 में नगर निगम का दर्जा मिला था। तब 28 वार्ड थे। फिर वार्ड की संख्या 40 हो गई। इसके बाद 2009 में आठ और नए वार्ड बढ़े और वार्डों की संख्या 48 हो गई।
पुराने और नए क्षेत्रों के लिए मांगे 63 करोड़
शहर में सड़क, नालियों के निर्माण के लिए नगर निगम ने सरकार से 63 करोड़ रुपए और मांगे हैं। इनमें पुराने क्षेत्रों के अलावा 8 नए क्षेत्रों में इस राशि से काम कराए जाएंगे। नगर निगम की सत्ता में दूसरी बार लौटी कांग्रेस ने सभी वार्डों में वहां की जरूरत के हिसाब से प्लान तैयार कर फंड के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है।