बलरामपुर| कलेक्टर संजीव कुमार झा ने राजपुर इलाके के धान खरीदी केंद्र राजपुर, बरियों, धंधापुर, गोपालपुर एवं सेवारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धान उपार्जन केन्द्रों में बारदानों की उपलब्धता, धान भंडारण के लिए पर्याप्त एवं उचित व्यवस्था, टोकन जारी किए जाने एवं अवैध खरीदी पर अंकुश लगाए जाने के संबंध में समस्त समिति प्रबंधकों को समझाइश दी। कृषकों के धान खरीदी में किसी भी प्रकार का कोई अव्यवस्था ना हो, इस संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए वाहनों की पार्किंग, टोकन जारी करने की प्रक्रिया एवं बारदाने की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सभी नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारियों को प्रत्येक कार्य का विवरण एवं सतत निगरानी करने के लिए निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को धान खरीदी कार्य में पूर्णतः सावधानी बरतते हुए अपने पदीय दायित्वों को कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देशित किया कि अभी से ही टोकन जारी कर एवं धान की आवक प्राप्त करना प्रारंभ करें ताकि खरीदी करने की अंतिम तिथियों में अव्यवस्था की स्थिति निर्मित ना हो।
उपार्जन केन्द्र से 52 क्विंटल पुराना धान जब्त
धान उपार्जन केन्द्र जमड़ी में दो किसानों का धान अमानक पाए जाने पर लगभग 52 क्विंटल पुराना धान जब्त किया गया है। ग्राम महुआडीह के महमूद हसन तथा बेलसर के मोकिमुन निशा द्वारा उपार्जन केन्द्र में धान लाया गया था। जांच के दौरान पुराना धान होने की जानकारी प्राप्त होते ही इसे जब्त किया गया। कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देश पर धान के अवैध परिवहन पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान ग्राम सलवाही के अमित गुप्ता के घर से 242 बोरी धान जब्त कर कार्रवाई की गई।