- Hindi News
- National
- Balrampur News Chhattisgarh News Felling Of Trees In The Remote Forests Confiscation Of Vehicles With Illegal Timber
सेंदूर के जंगलों में पेड़ों की हो रही कटाई, अवैध इमारती लकड़ी के साथ वाहन किया जब्त
बलरामपुर वन परिक्षेत्र के जवराही बीट सर्किल तातापानी के ग्राम पंचायत सेंदूर में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को अवैध रूप से लकड़ी परिवहन करते हुए एक मालवाहक वाहन को पीछाकर पकड़ा। तस्कर लकड़ी झारखंड़ लेकर जा रहे थे।
बताया गया है कि तस्कर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से तस्करी कर रहे हैं और रामानुजगंज फारेस्ट बैरियर के कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण वहां पर अवैध लकड़ी नहीं पकड़ी जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सेंदूर के आश्रित ग्राम कोटवारी से रामानुजगंज की तरफ मालवाहक वाहन से 53 नग चौखट ले जाया जा रहा था। रात्रि गश्त में वन परिक्षेत्र की टीम ने देर रात वाहन को देखकर रुकवाने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। इस पर उड़नदस्ता वाहन से लकड़ी लोड वाहन का पीछा किया गया और इसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई तो गाड़ी में 53 चौखट मिले। इसका वाहन चालक के पास कोई दस्तावेज नहीं था। वाहन चालक झारखंड के गढ़वा करवां डूमरिया निवासी पिंटू विश्वकर्मा पिता बंसी विश्वकर्मा ने बताया कि यह लकड़ी सेंदुर के जंगलों से रामानुजगंज की ओर लेकर जा रहा था। वाहन चालक के खिलाफ वन अधिनियम धारा 1927 के अंतर्गत कार्रवाई कर वाहन को राजसात करने की प्रक्रिया चल रही है। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी आर एस श्रीवास्तव, वन कर्मी प्रहलाद तिवारी, अमोल रतन राय, एसके पैकरा, श्यामलाल एवं सुरक्षा समिति के कर्मचारी शामिल थे।
वन विभाग ने पिकअप में जब्त की इमारती लकड़ी।