- Hindi News
- National
- Ambikapur News Chhattisgarh News Information Given About Vaccine Diseases Given To 150 Cattle
150 मवेशियों को लगाया टीका बीमारियों की दी गई जानकारी
कुसमी| पशुपालन विभाग पशुओं में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम एवं राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान नस्ल सुधार कार्यक्रम के तहत गांव-गांव में अभियान चलाकर पशुओं का टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
ग्राम जवाहरनगर में निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुओं के रखरखाव व पशुपालन के लिए किसान केसीसी लोन की जानकारी दी गई। इस दौरान 150 से भी अधिक पशुओं की जांच कर टीकाकरण किया गया। निशुल्क दवा का वितरण किया गया। शिविर में खंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक पाण्डेय ने कहा की पशुओं में किसी भी तरह की बीमारी होने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क कर उपचार कराएं। उन्होंने पशुओं में फैलने वाली बीमारियों व रोकथाम के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया। राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान नस्ल सुधार कार्यक्रम के लिए पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान कराने अपील किया और कहा कि कृत्रिम गर्भाधान एकमात्र साधन है, जिससे पशुपालक मनचाहे नस्ल का पशु प्राप्त कर सकते हैं। कृत्रिम गर्भाधान करवाकर पशुपालक आय दोगुनी कर सकते हैं, जिससे पशुपालक समृद्ध होंगे। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पशुपालन, डेयरी आदि संबंधित गतिविधि में ऋण की भी जानकारी दी। मौके पर ग्राम के सरपंच सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।