पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Ambikapur News Chhattisgarh News Missing Report Of Missing Teenager Ig Suspends Scribe And Duty Officer Ti Line Attached

लापता किशोरी की नहीं लिखी रिपोर्ट, आईजी ने मुंशी व ड्यूटी आॅफिसर को किया सस्पेंड, टीआई लाइन अटैच

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लापता किशोरी के बारे में सूचना मिलने के बाद भी रिपोर्ट लिखने में बरती गई लापरवाही भटगांव थाने में पदस्थ कुछ पुलिसकर्मियों व टीआई को महंगी पड़ गई। शनिवार की रात में लापता किशोरी के परिजन को पुलिस ने सुबह आने की बात कहकर लौटा दिया था।

रविवार की सुबह दोबारा परिजन रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचे थे। उसी समय आईजी रतनलाल डांगी थाने के निरीक्षण में अचानक पहुंच गए। ग्रामीणों को सुबह थाने में बैठा देखकर उन्होंने पूछा तो पता चला कि वे रात में भी आए थे, लेकिन रिपोर्ट न लिखकर उन्हें लौटा दिया था। इसको लेकर आईजी ने टीआई सहित ड्यूटी में रहे पुलिसकर्मियों के प्रति नाराजगी जताई। टीआई से पूछताछ की तो पता चला कि उन्हें भी मामले की जानकारी थी फिर भी उन्होंने अपने स्तर पर कार्रवाई नहीं की थी। आईजी ने बताया कि ऐसे संवेदनशील मामले में लापरवाही बरतने के कारण टीआई किशोर केंवट को लाइन अटैच कर दिया गया है जबकि रात में रहे ड्यूटी आफिसर एएसआई कृष्ण कुमार व प्रधान आरक्षक अनिल कुमार को निलंबित कर दिया गया है। आईजी ने सूरजपुर एसपी को मामले की प्राथमिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देश दिए हैं।

बलरामपुर में दुष्कर्म के मामले में हुई थी लापरवाही

कुछ दिनों पहले ही बलरामपुर जिले में एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट लिखने में बलरामपुर थाने में पुलिस ने लापरवाही बरती थी। इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी। यह मामला विधानसभा में उठा था। इसके बाद सीएम ने थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। आईजी ने बताया कि इसके बाद भी रिपोर्ट लिखने में देरी किया जाना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रात में खाना खाकर नाराज होकर निकल गई थी किशोरी

किशोरी भटगांव थाना अंतर्गत एक गांव की है। शनिवार की रात वह खाना खाने के बाद किसी बात पर नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई। कुछ समय बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने किशोरी की तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। किसी अनहोनी की आशंका पर वे पुलिस में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने रात करीब 12 बजे भटगांव थाने पहुंचे। तब पुलिस ने सुबह रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया था।
खबरें और भी हैं...