- Hindi News
- National
- Ambikapur News Chhattisgarh News Not A Single Case In Surguja Yet The N 95 General Mask And Sanitizer Missing From The Market Where There Are Many Times The Rate
सरगुजा में एक भी केस नहीं, फिर भी एन-95, सामान्य मास्क और सेनिटाइजर बाजार से गायब, जहां हैं, वहां कई गुना रेट
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव से फेस मास्क व सेनिटाइजर बाजार से गायब हो गए हैं। सरगुजा जिले में कोरोना के एक भी केस अभी तक सामने नहीं आए है, लेकिन इसके नाम पर दवा बाजार में कालाबाजारी शुरू हो गई है। भास्कर ने सोमवार को इसको लेकर पड़ताल की तो कई खुलासे हुए। दवा के डीलर्स से लेकर रिटेलर के पास एन 95 मास्क तो दूर तीन व दो लेयर वाले मास्क भी नहीं हैं।
जिनके पास सामान्य मास्क हैं वे भी अनाप-शनाप रेट ले रहे हैं। दो लेअर का मास्क जो रिटेलर के यहां पहले 15 से 20 रुपए में बेचता था वे 60 से 70 रुपए में बेच रहे हैं। सेनिटाइजर के नाम पर बाजार में कई नए ब्रांड सामने आ गए हैं। स्थिति यह है कि धूल से बचाव वाले सामान्य मास्क दुकानों में 50 रुपए में बिकने लगे हैं, जो पहले 25 से 30 रुपए में आसानी से मिल जाता था। लोगों में कोरोना वायरस का डर भी देखा जा रहा है और वे जो मास्क मिल रहा हैं वे ही लगाकर घूम रहे हैं। कोराना का असर बाजार के दूसरे सामान पर भी काफी पड़ा है। चाइनीज सामान से लोग परहेज कर रहे तो चिकन का मार्केट काफी नीचे चला गया है। इधर स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना वायरस को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।
दुकानदार ने कहा- 60 रुपए
में मिलेगा एक मास्क
अस्पताल के पास के दुकानदारों ने बताया कि मास्क व सेनिटाइजर उनके पास नहीं है। खरसिया रोड के एक दवा दुकानदार ने बताया कि वह लेयर मास्क 60 रुपए में बेच रहे हैं। एक दवा के डीलर ने बताया कि रायपुर व दिल्ली से मास्क व सेनिटाइजर नहीं आ रहा है। थ्री लेयर के मास्क पहले थोक में दो से तीन रुपए में आता था वह अब 15 से 20 रुपए में मिल रहा है। दो लेअर 10 से 12 रुपए में मिल रहा है।
चीन से लौटे दो युवकों में भी नहीं मिला था कोरोना का असर
शहर के गांधीनगर व चोपड़ापारा इलाके के दो युवक चीन से पिछले दिनों लौटे थे। गले में खराश होने की वजह से एहतियात बतौर उन्होंने मेडिकल काॅलेज अस्पताल में अपनी जांच कराई थी। दोनों के बलगम का सैंपल लेकर जांच के लिए पूणे भेजा गया था। दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद भी लोगों में इस बीमारी को लेकर भ्रम जैसी स्थिति बन गई है।
सुरक्षा के लिए धूल से बचने वाला मास्क लगाकर निकल रहे लोग
काेरोना का असर लोगों के दिल व दिमाग पर बैठने लगा है। यही वजह है कि एक केस सामने नहीं आने के बाद भी सुरक्षा के लिए लोग मास्क की खरीदारी कर रहे और इसे पहनकर काम कर रहे हैं। शहर में आते-जाते ऐसे लोग दिख रहे हैं। मेन पोस्ट आफिस रोड में एक मैकेनिक अपनी दुकान में धूल वाला मास्क लगाकर काम करता नजर आया। उसने बताया कि वायरस से बचने 40 रुपए में मास्क खरीदा है। इसी प्रकार प्राइमरी स्कूल में पढ़ने जा रहा एक छात्र भी मास्क पहने हुए नजर आया।
डरे नहीं, मास्क की कालाबाजारी रोकने कार्रवाई के दिए हैं निर्देश
डाॅ. पीएस सिसोदिया, सीएमएचओ, सरगुजा
बचाव के लिए लोग सामान्य मास्क लगा रहे, स्वास्थ्य विभाग ने दो आइसोलेशन वार्ड तैयार किए
मास्क पहनकर स्कूल जाता एक छात्र। गैरेज में मास्क पहनकर काम करता मैकेनिक।
स्वास्थ्य विभाग ने की तैयारी दो आइसोलेशन वार्ड तैयार
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल काॅलेज अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य स्तर पर तैयारी का दावा कर रहा है। अंबिकापुर में मेडिकल काॅलेज अस्पताल व फुंदुरडिहारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चार-चार बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके साथ ही एन-95 के 1188 मास्क, 43 सेट सीसी कीट, 219 सैंपल बाॅक्स स्टाक में रखवाए गए हैं।