- Hindi News
- National
- Ambikapur News Chhattisgarh News Pickup Killed Auto Collided With Bike Coming From Behind 15 Injured 7 Serious
पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, पीछे से आ रही बाइक भी टकराई, 15 लोग घायल, 7 गंभीर
बाइक सवार 2 युवकों की हालत नाजुक, किया अंबिकापुर रेफर
चेर मेन रोड पर रविवार सुबह एक पिकअप चालक सवारियों से खचाखच भरी ऑटो को टक्कर मार कर भाग गया। टक्कर में पिकअप के पीछे रफ्तार में रहे बाइक सवार आॅटो और पिकअप के बीच जा घुसे। वाहनों की इस भिड़ंत में बाइक सवार 3 युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। हेलमेट नहीं पहनने के कारण दो युवकों का सिर फट गया। वहीं दूसरी ओर ऑटो सवार 12 लोग भी घायल हो गए। इनमें 2 महिला और 2 बच्चे भी हैं। हादसे के बाद 9 घायल जिला अस्पताल पहुंचाए गए, जबकि कुछ घायल हादसे के बाद दूसरे साधन से वहां से चले गए।
आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ पुलिस को सूचना दी। बाइक सवार 2 युवकों के सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद तत्काल एम्बुलेंस से अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं 5 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ऑटो और बाइक को थाना ले आई है, जबकि पिकअप चालक को देर शाम तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। मालूम हो कि घटना सुबह 9 बजे स्टेट हाईवे पर चेर पेट्रोल पंप से थोड़ी दूर हुई। तेज रफ्तार शहर आ रहे पिकअप चालक ने सलका की ओर जा रहीं ऑटो सीजी 16 सीजी 3150 को साइड से टक्कर मार दिया, जिससे ऑटो पलट गई। इसी बीच पिकअप से चंद मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार बाइक सीजी 16 सीए 8451 को उसका चालक संतोष संभाल नहीं सका और बाइक पिकअप और ऑटो के बीच जाकर घुस गई। घटना में बाइक सवार संतोष और मंगल के सिर पर चोट लगने से वह अचेत हो गए, वहीं ऑटो पलटने से इसमें सवार करीब 12 सवारियों में चीख पुकार से लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ को देखकर पिकअप चालक भाग गया। कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना एंबुलेंस और पुलिस को दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवार युवकों को प्राथमिक उपचार देते हुए अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया और एंबुलेंस घायलों को लेकर निकल गई। घटना में बाइक सवार युवक नंदलाल का पैर फ्रैक्चर हो गया है और हाथ, चेहरे व पीठ पर भी गंभीर चोटें आई है।
टक्कर के बाद ऑटो और बाइक के उड़े परखच्चे
घटना में ऑटो और बाइक के परखच्चे उड़ गए हैं। ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गई थी, जिसे बाद में लोगों ने किनारे किया। दोपहर तक सड़क पर खून और टूटी गाड़ियों के पार्टस फैले रहे, जिसे देखकर हर राहगीर यहां एक पल के लिए ठहर गया। घटना स्थल पर फैला खून यह अहसास कराता रहा कि यहां हादसा घटित हुआ है। दोपहर में पुलिस ऑटो और बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में ले आई।
सड़क पर बिखरा मजदूरों के टिफिन का खाना
बाइक और ऑटो में अधिकांशत: मजदूरी करने वाले ग्रामीण सवार थे। सड़क हादसे में मजदूरों के पास रखा हुआ टिफिन का खाना बीच सड़क पर बिखर गया। बता दें कि जिला मुख्यालय में रोजाना सुबह और शाम मजदूरों का ऑटो और पिकअप में यहां आना-जाना लगा रहता है। इस बीच ऑटो और पिकअप चालक सवारियों की ओवर लोडिंग करते हैं। मजदूर ऑटो से 15 किमी तक का सफर तय करते हैं। इससे पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।
काम के सिलसिले में शहर आ रहे थे तीनों दोस्त
घायल नंदलाल ने बताया कि तीनों युवक सलका बड़कापारा के रहने वाले हैं। वे तीनों दोस्त हैं। तीनों मिस्त्री और मजदूरी का काम करते थे और काम के सिलसिले से ही शहर आ रहे थे। ऑटो सवार को भी गंभीर चोटें आईं है। इसमें देवाडांड की 47 वर्षीय नयनकुंवर, पोटेडांड के 40 वर्षीय रामकुमार, खड़गवां के 36 वर्षीय ओमप्रकाश और कोरिया कॉलरी निवासी 21 वर्षीय छोटू को अधिक चोट लगने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती किया गया हैं। वहीं बैकुंठपुर की 35 वर्षीय लक्ष्मी, सोनहत के 31 वर्षीय ज्ञान सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि ऑटो में दो छोटे बच्चें भी सवार थे, उन्हें हल्की खरोंच ही आई।
हादसे के बाद नंदलाल का पैर टूट गया, हाथ, चेहरे और पीठ पर भी आई चोट।