जामझरिया स्कूल में देखे नवाचार के तरीके
मैनपाट| शासकीय प्राथमिक शाला जामझरिया का सहायक कलेक्टर अभिषेक शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। सहायक कलेक्टर जब जामझरिया स्कूल पहुंचे तो वहां के राज्यपाल अवार्डी शिक्षक अरविंद गुप्ता के नवाचारों को देखकर आश्चर्यचकित रह गए, उन्होंने कहा कि इतने दूरस्थ ग्रामीण अंचल के विद्यालय में ऐसी व्यवस्था हो सकती है, विश्वास नहीं होता। यह विद्यालय सर्व सुविधायुक्त है।
शिक्षक अरविंद गुप्ता ने सहायक कलेक्टर अभिषेक शर्मा को अपने विद्यालय में किए गए नवाचारों के बारे में बताया। उन्होंने पहले शैक्षणिक नवाचार कमिशीबाई थियेटर के बारे में बताया कि यह अध्यापन की एक नई तकनीक हैं, इस तकनीक से बच्चों को ज्ञानवर्धक बातें बताई जाती हैं। इस तकनीक का उद्देश्य बच्चों को कहानी-किस्सों की ओर रुख कराना है। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ने विद्यालय के बच्चों से गिनती-पहाड़ा, सामान्य ज्ञान के प्रश्न, कविताएं और कुछ गणित के सवाल पूछे जिसे बच्चों ने तुरंत बता दिया। इस दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानपाठक अरविंद गुप्ता, शिक्षक अरूण सिदार एवं प्रियंका लकड़ा उपस्थित रहे।