- Hindi News
- National
- Nayapara Rajim News Chhattisgarh News 4 Quarter Finals Held On 8th Day Of Sri Grameen Khel Mahotsav
श्री ग्रामीण खेल महोत्सव के 8वें दिन हुए 4 क्वार्टर फाइनल, नेवधा, बुड़गहन, रिंगनी व झीपन विजयी
सुहेला| श्री फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित श्री ग्रामीण खेल महोत्सव में गुरुवार को क्रिकेट के 4 क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहला मैच हथबंध एवं नेवधा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें नेवधा की टीम 7 विकेट से विजयी रही। नेवधा टीम के कृष्णा 31 रन बनाकर मैन ऑफ दी मैच रहे। दूसरा क्वार्टर फाइनल बुड़गहन और खपराडीह के बीच खेला गया। बुड़गहन की टीम ने टास जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए खपराडीह की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 65 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए बुड़गहन की टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया। बुड़गहन टीम के योगेश मैन आफ द मैच रहे। तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला रिंगनी व चांपा के बीच खेला गया। चांपा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 56 रनों पर सिमट गई। इसके मुकाबले रिंगनी की टीम ने 5 विकेट से मैच जीत लिया। रिंगनी के राजा मैन आफ द मैच रहे। चौथा मुकाबला झीपन और सेम्हराडीह की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें झीपन की टीम 7 विकेट से विजयी रहा। झीपन के गेंदबाज बलराम को 3 विकेट लेने के लिए मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
खेल महोत्सव की अगली श्रृंखला में खपराडीह और सेम्हराडीह की टीमों के बीच बॉलीवाल का फाइनल मैच खेला गया, जिसमें खपराडीह की टीम 2-0 से जीत दर्ज कर बॉलीवाल मुकाबले की चैम्पियन बनी। खेल महोत्सव में खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने के लिए मैच के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग, बलौदाबाजार-भाटापारा की जिला खेल अधिकारी प्रीती बंछोर उपस्थित रहीं। उन्होंने खेल के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में टीमों के समर्थक, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।