पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sail News Chhattisgarh News Despite The Rain And The Cold Of The Cold The Enthusiasm Of The People Did Not Decrease It Rained Heavily

बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद कम नहीं हुआ लोगों का उत्साह, जमकर बरसे रंग

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इस साल की होली बारिश और कड़ाके की ठंड के बीच खेली गई, लेकिन ऐसे मौसम के बावजूद लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ और लोग जमकर होली खेले।

पेंड्रा क्षेत्र में कई वर्षों के बाद होली के दिन मौसम का मिजाज ऐसा रहा कि पूरे दिन सूर्य नहीं निकला। दिन भर रुक-रुक के बारिश होती रही। मार्च के महीने में अमूमन ऐसा मौसम देखने को नहीं मिलता। लेकिन इस साल मौसम ने भी लोगों को भिगो दिया। बारिश के कारण रात का न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी मात्र 20.7 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। इसी के चलते पूरे दिन जमकर कड़ाके की ठंड पड़ती रही और दिन भर कंपकपी छूटती रही। उसके बावजूद लोगों में होली खेलने का उत्साह चरम पर रहा। साल भर में एक बार आने वाला होली त्योहार के उत्साह पर मौसम ने पूरा प्रभाव डालने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का उत्साह भी अपने चरम पर रहा और लोग कड़ाके की ठंड के बावजूद भी तरह-तरह के रंगों के साथ जमकर होली खेले। कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते प्रशासन ने होली खेलने में सावधानी बरतने की अपील जरूर की थी, लेकिन होली ऐसा त्योहार होता है कि लोग कहां मानने वाले हैं और लोगों ने होली का आनंद जमकर उठाया।

महिलाओं ने तोड़ी वर्षों पुरानी परंपरा, होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होकर की पूजा


मस्तूरी| रंगों के त्योहार होली को ग्राम पंचायत गोड़ाडीह के ग्रामीणों ने बड़े ही धूमधाम व खुशनुमा माहौल में मनाया। इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच के नेतृत्व में सभी पंचों व गांव के गणमान्य नागरिकों ने पूरे गांव में भ्रमण किया और एक दूसरे को होली की मुबारकबाद दी और रंग लगाए। गांव के लोगों में एक अलग ही उत्साह नजर आया। जहां सभी ने एक स्वर में हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। यहां एक प्रथा सालों से चली आ रही थी, जिसमें होलिका दहन के पास जहां महिलाओं को जाना वर्जित था। इस प्रथा को तोड़ते हुए सरपंच भुनेश्वरी जगदीश यादव के साथ गांव की महिलाओं ने होलिका दहन के पास ले जाकर होली मनाई। इस दौरान सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाएं। गांव की सभी महिलाओं घर में जा जाकर होली की बधाई व मिठाई बांटी। इस दौरान बंदे भारद्वाज, शंकर भारद्वाज, पन्नालाल दिव्या, जगदीश्वर यादव, जयकुमार लहरे, सुरेश भारद्वाज, लक्ष्मेंद्र राय, दिलीप भारती अादि मौजूद रहे।


गौरेला क्षेत्र में धूमधाम से मनाई होली, जमकर उड़े रंग-गुलाल


गौरेला| नगर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को जमकर रंग गुलाल लगाया एवं होली की बधाई दी। बच्चों ने पिचकारियों में रंग भर कर होली का मजा लिया। वहीं अंचल में भी फाग की धूम के बीच जमकर होली खेली गई। 2 दिनों तक चली इस होली में पहले दिन बारिश ने जरूर थोड़ा खलल डाला, लेकिन बुधवार को मौसम खुलने से लोगों में खासा उत्साह रहा तथा खिली धूप के बीच पूरे दिन जमकर होली खेली गई। इस अवसर पर जगह-जगह फाग के आयोजन भी हुए। जहां नगाड़े के बीच फाग गीतों के साथ लोग जमकर थिरके। यहां केसर एवं भांग से बनी ठंडाई का भी लोगों ने खूब मजा लिया। इसके अलावा जगह-जगह युवाओं ने डीजे की धुन में खूब नाच-गाना किया और एक दूसरे के आपस में कपड़े फाड़कर होली का मजा लिया। इधर चिकन में कोरोना वायरस होने के सोशल मीडिया में फैलाई गई अफवाह का इस व्यवसाय पर बुरा असर पड़ा तथा चिकन की बिक्री पूरी तरह ठप रही। आमतौर पर 130 से 140 रुपए प्रति किलो बिकने वाले इन ब्रायलर मुर्गों की कीमत व्यवसायियों द्वारा 25 से 30 प्रति किलो कर दिए जाने के बाद भी इसकी बिक्री पूरी तरह ठप रही। स्वास्थ्य मंत्रालय की इस एडवाइजरी का भी कोई असर नहीं हुआ कि चिकन में कोरोना वायरस होने के अब तक कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। लोगों ने चिकन खाने से परहेज किया।

होली का त्योहार शांति पूर्वक मनाया गया

लगरा| अंचल में होली का त्योहार शांति पूर्वक मनाया गया। सुबह से लेकर शाम तक रंग-गुलाल एक दूसरे को लगाया, गले मिले। इस दौरान सभी वर्गों में काफी उत्साह रहा। नगाड़े की थाप व फाग गीतों को गाकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी।

पेंड्रा में होली पर इस तरह से लोगों ने एक-दूसरे को लगाया रंग।

लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर रंग-गुलाल लगाकर दी होली की बधाई, गांवों में फाग गीत भी गाए
खबरें और भी हैं...