- Hindi News
- National
- Dongridih News Chhattisgarh News Make Official Action Plan With Representatives Of Turturiya And Narayanpur Mandal
तुरतुरिया और नारायणपुर के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ अफसर कार्य योजना बनाकर दें: मंडल
श्रीराम वनगमन पथ के लिए चिह्नांकित मातागढ़ तुरतुरिया एवं नारायणपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए शनिवार को मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ दौरा किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष ऋत्विक मिश्रा ने तुरतुरिया, नारायणपुर सहित क्षेत्र के सभी पर्यटन स्थलों के विकास के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग रखी, जिसे मुख्य सचिव ने स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप प्रदेश मुख्य सचिव आरपी मंडल ने वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, पर्यटन विभाग के पी अलबलगन, कलेक्टर कार्तिकेय गोयल के साथ ब्लॉक के श्रीराम वनगमन पथ के रूप में चिह्नांकित मातागढ़ तुरतुरिया एवं नारायणपुर के प्राचीन शिव मंदिर का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही मौके पर उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों को इन दोनों स्थानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर उपस्थित नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने तुरतुरिया, नारायणपुर सहित क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास के लिए मुख्य सचिव को मांग पत्र सौंपा, जिसे मुख्य सचिव ने स्वीकार करते हुए संबंधित नोडल अधिकारी को मांगपत्र को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
अंत में आने वाले कुछ दिनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर शीघ्र ही कार्य योजना बनाकर भेजने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक एसएसडी बड़गैय्या, जिपं सीईओ आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ आलोक तिवारी, एडिशनल सीईओ एचएस चौहान, डिप्टी कलेक्टर मिथलेश डोंडे, जिपं के एपीओ केके साहू, एसडीएम टीसी अग्रवाल, एसडीओ वन यूएस ठाकुर, बार नवापारा अधीक्षक आरएस मिश्रा, तहसीलदार एसएल सिन्हा, वन परिक्षेत्र अधिकारी कृषाणु चंद्राकर, गोविंद सिंह राजपूत, टीआई डीबी उईके, खूड़मुड़ी के सरपंच योगेश कश्यप, गोविंद मिश्रा आदि सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
नपं उपाध्यक्ष ने इन जगहों को सुधारने की मांग रखी
नपं उपाध्यक्ष ऋत्विक ने ठाकुरदिया से तुरतुरिया मार्ग निर्माण व चौड़ीकरण। बार नवापारा से तुरतुरिया मार्ग व बोरसी से भिंभोरी मार्ग निर्माण एवं चौड़ीकरण, तुरतुरिया में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए विश्राम शेड, कॉटेज, जगह-जगह पर नल लगाने, पहाड़ा वाले मंदिर जाने के मार्ग में पड़ने वाली बालमदेही नदी पर स्टॉपडेम कम रपटा निर्माण, बच्चों एवं बुजुर्गों को आसानी से मातागढ़ पहुंचने के लिए वैदेही विहार से मातागढ़ के बीच रोपवे निर्माण, महर्षि वाल्मीकि आश्रम का सौंदर्यीकरण, चूंकि रामायण और हिरण का पौराणिक संबंध है, इसलिए हिरण पार्क निर्माण, नारायणपुर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं महानदी के कटाव रोकने तटबंध बनाने एवं नारायण विहार का सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्र के अन्य पर्यटन स्थलों के लिए कार्य योजना बनाने एवं उनके विकास के लिए धन राशि देने की मांग रखी।
कसडोल. कलेक्टर से चर्चा करते हुए मुख्य सचिव आरपी मंडल।