पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Balodabazar News Chhattisgarh News School College Library Gym Closed Till 31 Public Function Canceled

स्कूल, कॉलेज, लाइब्रेरी, जिम 31 तक बंद, सार्वजनिक समारोह रद्द

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना के बढ़ते खतरे के मद्देनजर शासन के आदेश पर 31 मार्च तक के लिए निजी व शासकीय समेत सभी स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस बीच केवल 10वीं-12वीं की बोर्ड व कॉलेजों की मुख्य परीक्षाओं को जारी रखा जाएगा। जिन स्कूलों में स्थानीय परीक्षाएं शेष हैं, वहां भी अब एक अप्रैल या उसके बाद ही पर्चे होंगे। भीड़ जुटाने वाले कार्यक्रमों पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि वायरस संक्रमण की संभावना से बचा जा सके। परीक्षा संचालित करने जरूरी स्टाॅफ की व्यवस्था को छोड़कर शिक्षक भी अवकाश पर रहेंगे पर उन्हें मुख्यालय में ही मौजूद रहने को कहा गया है। जिम, सार्वजनिक पुस्तकालय भी 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं।

शुक्रवार से लागू आदेश की जानकारी नहीं होने के कारण छात्र-छात्राएं स्कूल तो पहुंच गए थे, लेकिन छुट्टी का पता चलते ही उन्हें उल्टे पांव लौटा दिया गया। कुछ विद्यालयों में बच्चों को वक्त से पहले ही छोड़ दिया गया। जिला प्रशासन ने पहले ही जन समस्या निवारण शिविरों को स्थगित कर दिया था। 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को यथावत रखते हुए निजी व शासकीय स्कूलों में कक्षाएं लगाने पर रोक लगा दी गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल घरेलू परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं टाइम टेबल के मुताबिक ही होंगी। सोशल मीडिया में चल रही भ्रामक जानकारी से बचने शिक्षा विभाग भी सतर्क है। चेतावनी दी है कि गलत जानकारी फैलाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

22 को होने टीईटी की परीक्षा भी रद्द की गई

शुक्रवार को ही शासन से एक और निर्देश जारी किया गया है, जिसे छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने जारी किया है। इसमें कहा गया है कि 22 मार्च को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी-20) को भी रद्द कर दिया गया है। महामारी की स्थिति को देखते हुए यह परीक्षा भी स्थगित की जाती है, जिसकी अगली तिथि आगामी दिनों में व्यापमं की ओर से घोषित की जाएगी।

सर्वदलीय बैठक भी स्थगित की गई

शहर से जुड़े आवश्यक व जनहित के मुद्दों को लेकर विधायक प्रमोद शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक स्थानीय नगर भवन में आहूत की गई थी। इस संबंध में विधायक ने बताया कि चूंकि प्रशासन द्वारा वर्तमान में कोरोना वायरस संक्रमण के संभावित खतरों को टालने के मद्देनजर विभिन्न संस्थाओं में सार्वजनिक कार्यक्रम न करने संबंधी एडवाइजारी जारी की गई है जिसके चलते रविवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक स्थगित कर दी गई है।
खबरें और भी हैं...