- Hindi News
- National
- Nayapara Rajim News Chhattisgarh News Tourism Department Should Plan And Develop Ram Vanagman Marg
राम वनगमन मार्ग विकसित करने पर्यटन विभाग योजना बनाकर दे
छत्तीसगढ़ का प्रयागराज और त्रिवेणी संगम राजिम की पहचान पहले से ही आस्था, धर्म और संस्कृति नगरी के रूप में है। अब शासन ने इसे और भी विकसित करने का निर्णय लिया है। शासन ने राज्य के जिन स्थलों से श्री राम वन गमन किए थे, उन्हें चिह्नांकित किया गया है। इनमें राजिम भी शामिल है। राम वन गमन के दौरान श्रीराम प|ी सीता और भाई लक्ष्मण के साथ लोमश ऋषि आश्रम में ठहरे थे। साथ ही पंचकोशी धाम के स्थलों से भी गुजरे थे। अब राज्य सरकार इन स्थलों को राम वन गमन
पर्यटक परिपथ के रूप में विकसित करने जा रही है।
गुरुवार को मुख्य सचिव आरपी मंडल की अगुवाई में मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी तथा पर्यटन सचिव पी अलबलगन ने राजिम का दौरा किया। मुख्य सचिव ने पर्यटन विभाग को 10 दिन के भीतर इस पर विस्तृत कार्य योजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पूरे कार्य के समन्वय के लिए वन संरक्षक एसएसडी बढ़गैया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस दौरान उन्होंने भगवान राजीव लोचन मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान अधिकारियों ने राजिम में उन स्थलों को चिन्हित करते हुए कलेक्टर श्याम धावड़े, एसपी एमआर आहिरे, जिला पंचायत सीईओ विनय लंगेह एवं वनमंडलाधिकारी के साथ चर्चा की। इस दौरान कुलेश्वर मंदिर और राजीव लोचन मंदिर तथा लोमश ऋषि आश्रम का सौंदर्यीकरण करने तथा वहां जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा की। वहीं 25 किमी परिधि के अंतर्गत पंचकोशी धाम यात्रा के प्रमुख स्थलों के मार्गों पर संकेतांक और मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, यात्री प्रतीक्षालय, पर्यटन सुविधा केंद्र बनाने पर भी चर्चा की।
कोरोना के चलते बैठक की किसी को भनक नहीं
मुख्य सचिव आरपी मंडल, मुख्य वनसंरक्षक राकेश चतुर्वेदी, पर्यटन सचिव पी अलबलगन ने श्री राजीव लोचन मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। मुख्य मंच भी गए। उसके बाद सीधे सिहावा धमतरी के लिए निकल गए।
राजिम में करीब 1 घंटे तक अधिकारी रहे, लेकिन नगर के प्रमुख नागरिक, यहां तक कि नगर पंचायत अध्यक्ष, इनके विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस के नेताओं को सूचना भी नहीं दी। बैठक विश्राम गृह के बंद कमरे में की, जिससे बैठक की बातें बाहर तक नहीं पहुंचे। मंदिर परिसर का भ्रमण कर आपस में चर्चा किए कि धर्म नगरी में विकास की बहुत सारी संभावनाएं हैं और अनेक काम किए जाएंगे। लाखों रुपए का फंड अनेक मदों से प्राप्त होगा।
बताया जाता है कि कोरोना वायरस का डर इन अधिकारियों में साफ दिखा। वे भीड़ नहीं चाहते थे। जब वह कुछ लोगों से मिले तो उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए गले लगे। राकेश चतुर्वेदी ने जिला कांग्रेस के महामंत्री विकास तिवारी से हाथ मिलाने की बजाए गले लगने कहा।
राजिम. राजीव लोचन मंदिर परिसर का निरीक्षण ककरते हुए मुख्य सचिव आरपी मंडल के साथ अधिकारी।