- Hindi News
- National
- Balod News Chhattisgarh News 240 Lakh Rupees Exceeded From The Trunk Of The Farmer39s Car To Get Registered
रजिस्ट्री कराने पहुंचे किसान की गाड़ी की डिक्की से 2.40 लाख रुपए पार
गुरुवार को दोपहर एक बजे जिला मुख्यालय में तहसील कोर्ट परिसर के पास फोटोकॉपी दुकान के सामने नेवारीकला निवासी जागेश्वर सोनकर (60) की टीवीएस मोपेड की डिक्की के थैला में रखे 2 लाख 40 हजार रुपए सहित पासबुक व अन्य जरूरी दस्तावेज की चोरी हो गई। इस घटना की जानकारी तब हुई जब जागेश्वर व उनका बेटा एक निजी बैंक पहुंचा और डिक्की खोला। देखा ताे रुपए गायब थे।
तहसील कार्यालय में जहां गाड़ी खड़ी की थी, वहां आसपास पूछताछ की, लेकिन किसी ने कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। टीआई व टीम मौके पर पहुंचकर किसान व आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार हाल ही में जागेश्वर व उनके बेटे छगन ने 30 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसकी रजिस्ट्री कराने तहसील कार्यालय पहुंचे थे। जागेश्वर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। टीआई गैंदसिंह ठाकुर ने बताया कि जागेश्वर के बयान अनुसार अज्ञात आरोपी की तलाश कर रहे हैं, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सबूत खंगाल रहे हैं, भीड़भाड़ का फायदा अज्ञात आरोपी ने उठाया होगा।
बालोद. इसी गाड़ी की डिक्की से कैश गायब हुआ।
दो मिनट में ही किसी ने चोरी कर लिया कैश
जागेश्वर ने बताया कि रजिस्ट्री को लेकर दस्तावेज लेखक के पास जरुरी काम करवाए रहे थे, तभी डिक्की से पैसा गायब हुआ है। दो मिनट में ही यह सब कुछ हो गया। थैला में रखे नकदी सहित पासबुक व दस्तावेज भी गायब हैं। जमीन बेचने वाला, गवाह सहित कुल 5 लोग गांव से यहां पहुंचे थे। अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।