- Hindi News
- National
- Balod News Chhattisgarh News Biodiversity Park To Be Built Near Tandula Dam
तांदुला डैम के पास बनेगा जैव विविधता पार्क
तांदुला डेम के बेंदराकोना क्षेत्र को अब वन विभाग जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित करेगा। इसके लिए 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जिसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। काम भी एक हफ्ते के भीतर शुरू हो जाएगा। इस क्षेत्र में वन विभाग द्वारा पहले से पर्यावरण पार्क तैयार किया जा रहा था। उसी को ही अब विस्तार करते हुए आसपास के 40 हेक्टेयर क्षेत्र को जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। जिले के लिए यह पूरी तरह से नया प्रोजेक्ट है। जिस पर प्लान करके विभाग ने काम शुरू करने की तैयारी कर ली है। बेंदराकोना जो जिले का एक छिपा हुआ क्षेत्र है, लेकिन आसपास के लोग इस जगह की खूबसूरती को देखने के लिए पहुंचते हैं। इस इलाके को अब संरक्षित किया जाएगा। लेकिन यह पर्यटकों की लिए नहीं बल्कि जंगली जानवरों के लिए सुरक्षित क्षेत्र साबित होगा। दुर्लभ प्रजाति के पौधों को भी रखा जाएगा। हाल ही में जैव विविधता प्रबंधन समिति का गठन जिला स्तर पर किया है। ताकि जिले के हर क्षेत्र के जंगल से दुर्लभ प्रजाति के पौधों को यहां लाकर इकट्ठा किया जा सके।
प्रवासी पक्षियों के लिए बनेगा अलग से जोन
विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार बालोद के इस इलाके में अफगानिस्तान तक से प्रवासी पक्षियां आती है। उन पक्षियों के चारे के लिए भी यहां व्यवस्था की जाएगी। लोग इस जोन में जंगल के हिरण, कोटरी, खरगोश व अन्य जानवरों को करीब से देख सकेंगे। उनके लिए अलग से जोन बना रहेगा। जिस ओर सिर्फ जानवर ही रहेंगे। जानवर पानी पीने के लिए जंगल से डैम की ओर आ सके इसके लिए एक बांस का पुल भी बना रहेगा।
पर्यावरण पार्क भी इसी से संवरेगा: सतोविशा
पूर्व में विभाग द्वारा डैम के पास पर्यावरण पार्क बनाने की तैयारी की जा रही थी। 50% से ज्यादा काम यहां हो चुका है। एडवेंचर झूले भी लग चुके हैं। गेट व टिकट काउंटर भी बन चुका है। अब इसी को जैव विविधता पार्क के रूप में विस्तार किया जाएगा। डीएफओ सतोविशा समाजदार ने बताया कि शासन से 2 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर हो गया है। कुछ दिनों में काम शुरू हो जाएगा। डैम के इस इलाके को पूरी तरह से नया रूप दे दिया जाएगा। वन्य जीव संरक्षण भी होगा।
बालोद. तांदुला डैम के इस इलाके को बनाएंगे जैव विविधता पार्क।