- Hindi News
- National
- Balod News Chhattisgarh News Hardiha Sahu Samaj Will Do Mass Wedding Of 57 Couples In Dadhari This Time Too
हरदिहा साहू समाज इस बार भी डढ़ारी में करेगा 57 जोड़ों का सामूहिक विवाह
सभी समाज को एक प्रेरक संदेश देने वाले हरदिहा साहू समाज एक बार फिर बालोद जिले में सामूहिक आदर्श विवाह करने जा रहा है। इस समाज की खासियत यही है कि इससे जुड़े हर परिवार में किसी के निजी घर, मकान या भवन में शादी नहीं होती बल्कि समाज सामूहिक मंडप पर ही शादी करवाता है। इस बार 57 जोड़े सात फेरे लेंगे। उन्हें आशीर्वाद देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व मंत्री ताम्रध्वज साहू भी पहुंचेंगे।
गुुरुर ब्लॉक के ग्राम डढारी में 13 मार्च को होने वाले इस आयोजन की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। समाज के जिला अध्यक्ष रोहित साहू का कहना है कि हम पूरी तरह से दहेज प्रथा के खिलाफ है। बिना किसी लेनदेन के शादी करवाते हैं और इस नियम को अपने समाज में कड़ाई से लागू भी किया गया है। जिसका पालन पूरे प्रदेश स्तर पर भी होता है। जहां-जहां छत्तीसगढ़ में हमारे समाज के लोग हैं वे ॉसामूहिक विवाह के जरिए ही शादी करवाते हैं।
बालोद व धमतरी जिले के जोड़े होंगे शामिल: इस सामूहिक आदर्श विवाह में बालोदर, धमतरी जिले के ही जोड़ें शामिल हो रहे हैं। जिनके बीच पहले से रिश्ता तय हो चुका है। एक साथ एक मंडप पर 57 जोड़े सात फेरे लेंगे। दोनों पक्ष के मेहमान इस शादी में घराती और बाराती बनेंगे।
सीएम सहित मंत्री विधायक होंगे अतिथि: इस सामूहिक आदर्श विवाह पर 13 मार्च को मुख्य अतिथि भूपेश बघेल का आगमन होगा। उनके अलावा गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक संगीता सिन्हा, भैया राम सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, भूपत साहू, केदार देवांगन, ललिता पीमन साहू, मीना सत्येंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष प्रभात दुबे, रोशन लाल साहू, राजश्री, कामता प्रसाद साहू, तेजराम साहू, नोखे लाल गजभीम, सोमनाथ साहू, त्रिलोकी साहू मौजूद रहेंगे।
समाज अब तक 3 करोड़ से ज्यादा की बचत कर चुका
एक मध्यम परिवार की शादी में भी कम से कम तीन लाख तक खर्च आता है। इस तरह सामूहिक मंडप पर होने वाली शादी से दोनों पक्षों से तीन-तीन लाख की बचत हो जाती है। अब तक 82 जोड़ों की शादी करवा कर समाज तीन करोड़ से ज्यादा की बचत कर चुका है। परिवार के मुखिया होने वाले दूल्हा दुल्हन के लिए सिर्फ कपड़े खरीदते हैं। बाकी मंगलसूत्र व पचहर सामग्री भी सामूहिक रूप से समाज द्वारा दी जाती है।