- Hindi News
- National
- Balod News Chhattisgarh News If There Is An Error While Applying In Rte Portal There Is No Option To Rectify
आरटीई पोर्टल में आवेदन करते वक्त हुई त्रुटि तो सुधार का नहीं है विकल्प
शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला देने के लिए आरटीई पोर्टल के तहत ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से भर्ती शुरू हो चुकी है। 1783 सीटों के लिए अब तक 227 आवेदन आ चुके हैं। लेकिन इस बार पोर्टल में आवेदन में होने वाली त्रुटि को सुधार करने के लिए कोई विकल्प नहीं दिया गया है। जिसके चलते पालकों को बड़ी ही सावधानी के साथ आवेदन करना है। इसमें आवेदन करने वाले ऑपरेटर को भी बारीकी से देखना होगा कि कहीं कोई त्रुटि ना हो जाए।
पिछले साल पोर्टल में सुधार का विकल्प दिया गया था। नोडल अधिकारी नरेंद्र भंसारे का कहना है कि इस संबंध में रायपुर के अफसरों को जानकारी दे दी गई है। पोर्टल में सुधार की प्रक्रिया भी चल रही है। एक-दो दिन में यह व्यवस्था सुधर जाएगी। इसके बाद पालकों को आवेदन में त्रुटि सुधार का मौका भी मिल जाएगा। फिलहाल पालकों को हिदायत दी गई है कि वे सावधानी से आवेदन करें।
पिछले साल से सरकार ने 9वीं कक्षा में भी आरटीई को लागू किया है। जो बच्चे आठवीं तक प्राइवेट में आरटीई के तहत पढ़ रहे थे वही जब 9 वीं में जाते हैं तो उन्हें शासन की योजना का पहले की तरह ही लाभ मिल रहा है। इस साल उन्हीं बच्चों को 9 वीं के बाद 10 वीं कक्षा में भी लाभ मिलेगा।
आवेदन में त्रुटि पाई गई तो निरस्त होना तय
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किए गए आवेदन में अगर किसी भी तरह की त्रुटि पाई जाती है तो आवेदन निरस्त कर दिया जाता है। ऐसे में छोटी सी त्रुटि से भी पात्र बच्चा भी सीट से वंचित हो सकता है। पालकों ने कहा सुधार का विकल्प देना था।
एक नजर में अब तक सीट व आवेदन की स्थिति
कक्षा सीट आवेदन
नर्सरी 601 95
केजी 617 50
पहली 565 82
कुल 1783 227