पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Gunderdehi News Chhattisgarh News Paddy Jam 3 To 4 Times More Than The Buffer Limit In Committees

समितियों में बफर लिमिट से 3 से 4 गुना अधिक धान जाम

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुरुवार काे सेवा सहकारी समिति के अध्यक्षों की बैठक परसदा में हुई। जिसमे उठाव की परेशानी सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में बताया कि पूरे गुंडरदेही ब्लॉक में बफर लिमिट शासन ने तय किया है, उससे 3 से 4 गुना अधिक धान अभी भी सोसायटियों में जमा है। सरकार से हुए एग्रीमेंट के अनुसार उठाव 72 घंटे में हो जाना चाहिए। लेकिन टीओ या डीओ जारी होने के बाद भी कई सप्ताह तक परिवहन नहीं हो पा रहा है। क्षमता से अधिक धान का स्टॉक समितियों में होने के कारण सुरक्षित रखने में ज्यादा खर्च हो रहा है। इधर ज्यादा खर्च हाेने पर प्रबंधकों व अध्यक्षों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है। सेवा सहकारी संघ के अध्यक्ष ठाकुरराम चंद्राकर, मुरली साहू ने बताया कि बफर स्टॉक के चलते तालपत्री, भूसा, बोरी की व्यवस्था व चूहे, दीमक, बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि ने समितियों की स्थिति को खराब कर दी है। पुराने व नए बारदानों को सोसायटियों को पहुंचाकर देना है। परंतु प्रत्येक सोसायटियों को 40 से 50 हजार तक अतिरिक्त टीओ के माध्यम से भुगतान करना पड़ रहा है।

सूखत की राशि 2% समितियों को दिए जाने की मांग

बैठक में मांग की गई कि बफर लिमिट का निर्धारण जिला सहकारी केंद्रीय बैंक या जिला प्रशासन ना करे बल्कि सोसायटी करें क्योंकि उन्हें अपनी क्षमता पता है। टीओ जारी होने के 72 घंटे के अंदर धान का उठाव ट्रांसपोर्टर को करना होगा, बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि के चलते धान व बोरा खराब हाेने पर प्रासंगिक व्यय गत 15 साल से 12 रुपए है, उसे 25 रुपए किया जाए। धान खरीदी के एक माह बाद उठाव होने पर सूखत की राशि 2% समितियों को दिया जाए अभी तक सूखत की राशि मार्कफेड को जाता है। बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से खराब धान का बोरा पलटी व स्टेकिंग का कार्य सोसायटियों को अतिरिक्त करना पड़ रहा है, नुकसान की भरपाई जिला विपणन संघ से हो। बैठक में अध्यक्ष हरदेव साहू, बीरेंद्र साहू, दिलीप साहू, कुलदीप साहू, ताराचंद साहू, सुनील कुमार बेलचंदन, प्रदीप साहू,देवनारायण सिन्हा, रामसागर सिन्हा, रोहित साहू,संजय बारले, नरेन्द्र चौधरी उपस्थित थे। गुंडरदेही के अंतर्गत बेलौदी में 13000 क्विंटल, सिर्री में 21300 क्विंटल, हल्दी(पसौद) में 11000 क्विंटल, गुंडरदेही में 8000 क्विंटल धान जाम है।


अंडा. बैठक में उपस्थित सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष।
खबरें और भी हैं...