- Hindi News
- National
- Jagdalpur News Chhattisgarh News Going To Mungeli In The Holiday Of Holi The Truck Crushed While Keeping The Bus 3 Died
होली की छुट्टी में मुंगेली जा रहे थे, बस मेंसामान रखते वक्त ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत
मृतकों में बस का हेल्पर और एक ही परिवार के दाे युवक शामिल
शहर सीमा से सटे परपा थाना के सामने रविवार की देर रात हुए सड़क हादसे में बस के हेल्पर और दो यात्रियों की मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब हाेली की छुट्टी में जगदलपुर से मुंगेली जाने के लिए दो युवक बस में बैठने जा रहे थे। मुंगेली निवासी दोनों यात्री रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं। वहीं बस का हेल्पर धमतरी का रहने वाला है। बुलेट शोरूम के सामने जहां हादसा हुआ है, वहां से मुश्किल से सौ मीटर दूर पुलिस ने गाड़ियों की रफ्तार कम करने और जांच के लिए रोकने बैरियर लगवाये थे। इनकी वजह से यहां गाड़ियों की स्पीड कम हो जाती थी, लेकिन कुछ दिनों पहले ही यह बैरियर हटा दिए गए। ऐसा माना जा रहा है कि यदि बैरियर लगे होते तो ट्रक की रफ्तार कम हो जाती, संभवतः यह हादसा नहीं होता।
मुंगेली निवासी दो भाई भागवत खेलकर (38) व संतोष खेलकर (42) जगदलपुर की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर कुछ दिन से काम कर रहे थे। दोनों होली की छुट्टी पर घर लौट रहे थे। घर जाने के लिए इन्होंने महेंद्रा बस में टिकट बुक करवाई थी। रात में दोनों भाई व अन्य यात्री बुलेट शोरूम के पास बस का इंतजार कर रहे थे। बस आने के बाद बस के हेल्पर दिनेश सिन्हा के साथ दोनों पीछे डिक्की में सामान रखने लगे। बाकी यात्री बस में सवार हो गये थे। इस बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक को चालक ने किनारे रोककर भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया।
शायद टल जाता हादसा... सौ मीटर दूर लगे थे बैरियर, कुछ दिन पहले हटाए गए
पीएम के लिए कतारें, एक साथ लाई गईं पांच लाश
इधर सड़क हादसे के बाद सोमवार को तीनों मृतकों के शवों को पीएम के लिए मेकाॅज ले जाया गया। इसके अलावा महारानी हाॅस्पिटल से भी एक शव पीएम के लिए भेजा गया था। कोतवाली पुलिस भी एक शव लेकर यहां आई थी। ऐसे में एक ही दिन में पांच-पांच शवों के पीएम डॉक्टरों ने यहां किये। पांच शवों के पीएम की वजह से शाम 4 बजे तक पीएम चलता रहा। गौरतलब है कि अभी महारानी हाॅस्पिटल में पीएम बंद कर दिया गया है, जिससे यहां के शव भी मेडिकल कॉलेज भेजे जाते हैं।
ट्रक की टक्कर के बाद बस का पिछला हिस्सा धंस गया था।
घटना के बाद सड़क पर पड़ी लाश।