- Hindi News
- National
- Jagdalpur News Chhattisgarh News Jcc Won Hikmipara By 8 Runs Beating Odarmundi By 20 Runs By Ragda
जेसीसी ने 8 रनों से हिकमीपारा पर जीत दर्ज की, ओडारमुंडी को रगड़ा ने 20 रनों से हराया
इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में चल रहे रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में बीते शुक्रवार की रात दो मैच खेले गए। इसमें पहला मैच जेसीसी और हिकमीपारा के बीच खेला गया, जिसमें जेसीसी ने 8 रनों से हिकमीपारा को हराया। वहीं दूसरा मैच ओडारमुंडी और रगड़ा इलेवन के बीच हुआ, जिसमें रगड़ा इलेवन ने मैच 20 रनों से जीता। जेसीसी के विजय और रगड़ा इलेवन के केशव मैन ऑफ दि मैच रहे।
खेले गए पहले मैच में जेसीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। इसमें जेसीसी के जीनू ने 20 रन और विजय ने 15 रन बनाए। मैजिक ओवर में टीम को 17 रन मिले और निर्धारित 10 ओवर में जेसीसी ने 92 रन बनाए। हिकमीपारा के गेंदबाज असलम ने 2 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए हिकमीपारा के जय ने 24 और आकाश ने 25 रन बनाए। मैजिक ओवर में इस टीम को भी 17 रन मिले, लेकिन टीम 92 रनों पर ही सिमट गई। मैच के अंपायर सोनू साहनी और सुखविंदर सिंह सैनी रहे।
लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई ओडारमुंडी की टीम
ओडारमुंडी और रगड़ा इलेवन के बीच खेले गए दूसरे मैच में ओडारमुंडी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया और रगड़ा इलेवन ने निर्धारित 10 ओवर में 92 रन बनाए। इसमें केशव ने 18 और अंकित ने 14 रन बनाए, जबकि मैजिक ओवर में 21 रन मिल पाए। गेंदबाज ललित ने 2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। जवाबी पारी खेल रही ओडारमुंडी के बल्लेबाज ललित ने 16 और धीरू ने 14 रन बनाए, लेकिन मैजिक ओवर में टीम को 14 रन ही मिल पाए और टीम का स्कोर 72 रनों तक ही पहुंच पाया। रगड़ा इलेवन के गेंदबाज रौशन ने 2 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। मैच के अंपायर कृष्णा और हाशिम रहे।
गेंदबाज के आक्रमण पर पूरी ताकत लगाकर शॉट लगाता बल्लेबाज।