- Hindi News
- National
- Bacheli News Chhattisgarh News On The Day Of Holi In Charge Of 8 Police Stations Changed Sp Released Transfer List Of 20 Policemen
होली के दिन 8 थानों के प्रभारी बदले, एसपी ने 20 पुलिसकर्मियों की तबादला सूची जारी की
एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने 8 थानों के प्रभारियों सहित कुल 20 पुलिसकर्मियों के फेरबदल की कार्यवाही की है। होली के दिन यह आदेश जारी हुआ है। किरंदुल, कोतवाली व अजाक थाना को छोड़ दे तो जिले के सभी थानों के प्रभारियों को बदल दिया गया है। यहां तक यातायात शाखा का प्रभार भी बदला गया है। एक बार में यातायात शाखा सहित 8 थानों के प्रभारी बदलने की यह बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है। जो सूची जारी हुई है उनमें गीदम टीआई अजय सिन्हा, बचेली टीआई शील आदित्य को किसी भी थाने का चार्ज नहीं मिला है।
अजय सिन्हा को तकनीकी शाखा दंतेवाड़ा का प्रभारी, जबकि शील आदित्य को प्रभारी जीविशा बनाया गया है। बताया जा रहा है गीदम टीआई अजय सिन्हा तत्कालीन एडिशनल एसपी सूरज सिंह परिहार के खास माने जाते थे। अजय की काबिलियत को देखते हुए एएसपी सूरज सिंह ने उन्हें गीदम थाना का प्रभार देने की एसपी से सिफारिश की थी। एएसपी के ट्रांसफर के बाद अजय के तबादले के कयास लगाए जा रहे थे और हुआ भी वही। विभाग में इस बात की काफी चर्चा भी है।
इनका भी हुआ तबादला
थाना प्रभारियों के साथ ही रक्षित केंद्र की एसआई सुनीता यदु को गीदम थाना, बारसूर थाना के एसआई जनक साहू को फरसपाल थाना, दंतेवाड़ा के प्रधान आरक्षक सोनसिंह ठाकुर को बचेली थाना, भांसी थाने की महिला प्रधान आरक्षक अनिता चौधरी को बचेली, रईसा मंसूरी को दंतेवाड़ा थाना, वेद साहू को फरसपाल थाना, आरक्षक हरीश नायर को दंतेवाड़ा, उत्तम कुमार मंडावी को दंतेवाड़ा से बारसूर व कृष्ण कुमार यादव को किरंदुल से दंतेवाड़ा ट्रांसफर किया गया है।
जानिए... ये होंगे इस
थाना के प्रभारी
फरसपाल थाना में जितेंद्र साहू, गीदम थाना में गोविंद यादव, बारसूर थाना में सोनसिंह सोढ़ी, कटेकल्याण थाना में सावन सारथी, बचेली थाना में राजेंद्र यादव, कुआकोंडा थाना सलीम खाखा, अरनपुर थाना में विंटन साहू को थाना प्रभारी बनाया गया है। यातायात शाखा का प्रभार प्रदीप बिसेन को दिया गया है। ये सभी अलग- अलग थानों का जिम्मा संभाल रहे थे।
गीदम में सालभर भी नहीं टिक पा रहे टीआई
गीदम थाना दंतेवाड़ा के महत्वपूर्ण थानों में से एक है। यहां आने वाले टीआई सालभर से ज्यादा नहीं टिक पा रहे हैं। पिछले डेढ़ साल में 3 टीआई बदले जा चुके हैं। जुलाई 2018 में परमानंद ठाकुर के ट्रांसफर के बाद विजय कुमार यादव को प्रभार मिला था। विजय यहां 7 महीने ही रहे। इनके बाद हेमप्रकाश यादव को गीदम थाना का प्रभार मिला। ये भी 3 महीने तक ही टिक पाए। 14 जून 2019 को अजय सिन्हा को गीदम थाने का प्रभार मिला, अब उनका भी ट्रांसफर कर दिया गया।