- Hindi News
- National
- Jagdalpur News Chhattisgarh News Only 23 Technicians To Improve 13 Thousand Hand Pumps
13 हजार हैंडपंप सुधारने केवल 23 तकनीशियन
बस्तर जिले में लोगों को पानी मुहैया कराने हैंडपंपों की संख्या 13 हजार 7 है, लेकिन इसके रखरखाव के लिए पीएचई विभाग के पास महज 23 तकनीशियन हैं। नए तकनीशियनों की भर्ती करने अब तक कोई पहल नहीं हुई है। विभागीय अफसर कहते हैं कि शासन स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकती है। स्थानीय स्तर पर कुछ भी नहीं किया जा सकता है।
गर्मी के आते ही शहर से गांवों तक पानी के लिए जैसी किल्लत झेलनी पड़ती है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि बस्तर जिले के सातों ब्लॉकों के 13 हजार 7 हैंडपंप में से करीब साढ़े 8 सौ हैंडपंप खराब पड़े हैं। इनकी मरम्मत को लेकर अब तक कोई भी कार्रवाई शुरू नहीं की जा सकी है। इधर विभाग में तकनीशियनों की कमी होने से हैंडपंप को गर्मी के शुरू होने के बाद भी सुधारा नहीं जा सका है।
दरभा में सबसे ज्यादा 237 हैंडपंप खराब: बस्तर के दरभा इलाके में सबसे अधिक 237 हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं, जबकि यहां हैंडपंपों की कुल संख्या 1398 है। वहीं 2673 में से सभी ब्लॉकों में सबसे कम 36 हैंडपंप बस्तर ब्लॉक में खराब हैं। जबकि बस्तर जिले में कुल 32 हैंडपंप तकनीशियन की नियुक्ति के बाद सालों पहले चार को केशकाल के अनुविभाग में संलग्न कर दिया गया था। इसके बाद कोंडागांव के जिला गठन के बाद भी उनकी वापसी नहीं हो सकी है। दो साल पहले तक जहां 32 तकनीशियन यहां मौजूद थे, जिनमें से पिछले साल तक 27 रह गए। इनमें भी चार की सेवानिवृत्ति और एक की मौत के बाद 23 के भरोसे जिले के सारे हैंडपंप हैं।
बस्तर जिले में हैंडपंपों की स्थिति का ब्योरा
जिला कुल खराब हैंडपंप हैंडपंप
जगदलपुर 2140 107
बस्तर 2673 36
बकावंड 1994 173
बास्तानार 1251 61
दरभा 1398 237
लोहंडीगुड़ा 1880 150
तोकापाल 1671 67
योग 13007 831