- Hindi News
- National
- Dantewada News Chhattisgarh News Tap Water Scheme Closed In Mokhpal For Two Months
दो महीने से मोखपाल में नल-जल योजना बंद
दंतेवाड़ा जिले के मोखपाल ग्राम पंचायत में गर्मी के शुरू होने से पहले ही यहां पर रहने वाले 130 परिवारों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है । ग्रामीण इस समस्या से निजात पाने के लिए दो किमी दूर या फिर दूसरे मोहल्ले से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं । ग्रामीणों को महीनेभर से हो रही पानी की समस्या की जानकारी के बाद भी पीएचई विभाग इस समस्या को दूर करने के लिए कोई उपाय नहीं कर रहा है।
ग्रामीण हिड़मा, मुड़ा, जोगा ने बताया कि टंकी के पास वाल खराब है महीनों से इसकी जानकारी पीएचई के अधिकारियों को दी गई है मगर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। हम वॉल्व को बदलने के लिए पैसे भी देने को तैयार हैं बावजूद इसके पीएचई विभाग के अधिकारी इस वॉल्व के मेंटनेंस करना तो दूर मौके पर आने के लिए ही तैयार नहीं है। जिसका खामियाजा के उन्हें भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब पांच साल पहले पीएचई विभाग ने 35 लाख रुपए खर्च कर गांव में नल -जल योजना के तहत पानी की टंकी बनाकर हर घर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था की थी जो कुछ महीनों के बाद भी बिगड़ गई । इसके बाद इस योजना का लाभ देने के लिए विभाग ने कोई कोशिश नहीं की है।
15 हजार रुपए पंचायत को दिए हैं: एसडीओ: पीएचई एसडीओ निखिल कंवर ने कहा कि नल योजना के तहत खराब हुए वाल्व को ठीक करने के लिए पंचायत को 15 हजार रुपए दिया गया था। सरपंच ने समान मंगाकर जल्द से जल्द वाल्व को ठीक कराने की बात कही है। जल्द ही मौके पर जाकर इसे ठीक करवाकर पेयजल की समस्या को दूर करवाया जाएगा।
6 हैंडपंप में दो खराब चार में लाल पानी
मोखपाल पंचायत में रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए पीएचई विभाग ने एक दशक पहले 6 हैंडपंप लगाए थे । जिसमें से दो हैंडपंप खराब हो चुके हैं तो वहीं दूसरी ओर चार में लाल पानी आ रहा ग्रामीणों ने कहा कि लाल पानी की समस्या से निजात पाने के लिए कई बार पीएचई विभाग के अधिकारियों को दूसरा हैंडपंप लगाने के लिए कहा गया । लेकिन अधिकारियों ने इस काम को अब तक नहीं किया । मजबूरन आए दिन निस्तारी के लिए कभी- कभी इसी लाल पानी का उपयोग करना पड़ रहा है ।
35 लाख रुपए खर्च कर गांव में पानी की टंकी बेकार पड़ी है।