- Hindi News
- National
- Jagdalpur News Chhattisgarh News Women Performed For Two Hours At The Liquor Shop In Chandni Chowk
चांदनी चौक की शराब दुकान पर महिलाओं ने दो घंटे किया प्रदर्शन
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर की महिलाएं शहर की शराब दुकानों को बंद कराने निकलीं। रविवार को शहर की महिलाओं ने पब्लिक वॉइस संगठन के बैनर तले शहर के चांदनी चौक स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने सांकेतिक रूप से प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब प्रशासन का आश्वासन का पैंतरा नहीं चलेगा। सालों से लंबित इस मांग पर प्रशासन को कार्रवाई करनी ही होगी। अगर ऐसा नहीं होता है कि आने वाले दिनों में महिलाएं उग्र प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर शराब दुकानों से बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं को छेड़छाड़ और अपमान का सामना करना पड़ता है, जिसे लेकर कई बार प्रदर्शन किया गया, लेकिन इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने ये भी कहा कि महिला दिवस पर महिलाओं को सम्मानित करने की प्रथा है तो प्रशासन शराब दुकानों को शहर से बाहर कर इन महिलाओं का सम्मान करे। शराब दुकान के सामने नारेबाजी करने के दौरान आबकारी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं की एकसूत्रीय मांग को पूरा करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। इस दौरान पब्लिक वॉइस के साथ, गायत्री परिवार, कादंबरी संस्था, बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, इंद्रावती बचाओ अभियान सहित सामाजिक संघ-संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया।
चांदनी चौक में प्रदर्शन हिकमीपारा व बस स्टैंड में जमकर बिकी शराब
एक तरफ जहां चांदनी चौक की शराब दुकान के सामने महिलाओं का प्रदर्शन चलता रहा, वहीं हिकमीपारा और बस स्टैंड की शराब दुकान में बड़ी भीड़ लगी रही। इस दौरान जहां लोग शराब खरीदते दिखे, वहीं बड़े पैमाने पर यहां शराब की बिक्री भी हुई। एक तरफ जहां रविवार होने के कारण शराब की खपत हुई, वहीं होली के त्यौहार को देखते हुए शराबियों ने अभी से व्यवस्था करनी शुरू कर दी है।
जगदलपुर चांदनी चौक स्थित शराब दुकान के सामने प्रदर्शन करती महिलाएं।