55 युवाओं ने दिया परिचय, 3 रिश्ते मौके पर तय
छत्तीसगढ़ प्रदेश धोबी समाज ने रविवार को युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन भिलाई-3 के सामुदायिक भवन में किया। इस अवसर पर 38 युवतियों और 17 युवकों ने मंच पर अपना परिचय दिया। मौके पर तीन रिश्ते भी तय हुए। कुछ युवाओं के परिजनों की समाज के पदाधिकारियों ने काउंसिलिंग भी की और उन्हें आदर्श विवाह के लिए राजी किया। समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर ने बताया कि होली के बाद आदर्श सामूहिक विवाह के आयोजन पर भी चर्चा की जाएगी। आयोजन में खास बात यह रही कि परिचय देने वाले बेटे-बेटियों को समाज की परंपरागत पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। क्योंकि परिचय देने के लिए बेटियां आगे थीं और बेटे पीछे। जिलाध्यक्ष अश्वनी निर्मलकर, धनेश्वर निर्मलकर, भरत निर्मलकर, भागीरथी निर्मलकर, बुद्ध सिंह रजक सहित समाज के लोग उपस्थित थे।
समाज के कार्यों में सक्रिय रहने वाले हुए सम्मानित
झेरिया धोबी विकास समिति के बैनर तले हुए आयोजन में बतौर अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु रूद्र कुमार समेत दलित अकादमी के अध्यक्ष कैलाश फुलझेले, निगम सभापति विजय जैन शामिल हुए। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मैना निर्मलकर, जिलाध्यक्ष मीनाक्षी निर्मलकर सहित सभी सक्रिय पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। मंत्री ने कहा कि समाज की पहचान सक्रियता से बनती है न की संख्या से। धोबी समाज अपनी सक्रियता के चलते पूरे छत्तीसगढ़ में रचनात्मक कार्य कर रहा है।
समारोह में समाज के पदाधिकारियों ने मंत्री गुरु रूद्र का सम्मान किया।
समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग
मंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष की मांग पर समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने कैबिनेट में प्रस्ताव रखने, सिरसा कला और भिलाई-3 में प्रस्तावित सामुदायिक भवन के लिए राशि विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया। समाज के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया। प्रदेश अध्यक्ष सूरज ने समाज के लोगों से आधुनिकता को ध्यान में रखकर पैतृक व्यवसाय में गुणवत्ता बरकरार रखने का आह्वान किया। और अपने कमाई के माध्यमों में वृद्धि करने पर जोर दिया।