बैटरी चलित वाहनों से होगी शहर की सफाई, 48 ई-रिक्शा खरीदे, 8 पहुंचे
शहर के 60 वार्डों में अब 48 बैटरी चलित ई-रिक्शा कचरा कलेक्ट करेंगे। निगम ने 99.79 लाख रुपए की लागत से इन ई-रिक्शा की खरीदी की है। शुक्रवार को उक्त ई-रिक्शा निगम कार्यालय पहुंचे।
उसका विधायक अरुण वोरा, मेयर धीरज बाकलीवाल ने पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया। प्रथम चरण में ऐसे 8 ई-रिक्शा भेजे गए हैं। इस प्रकार अब से शहर में बैटरी चलित वाहनों से ही कचरा कलेक्शन व उठाने का कार्य किया जाएगा। बताया गया कि इससे 60 वार्डों में सफाई की जाएगी।
सभी 60 वार्डों में करेगा काम, कंट्रोल रूम भी होगा
महीनेभर के अंदर शेष अन्य ई-रिक्शा भी निगम पहुंच जाएंगे। इसके बाद सभी 60 वार्डों में इन्हें उपयोग में लाया जाएगा। दावा किया जा रहा कि इससे प्रदूषण जहां कम होगा, वहीं ईंधन के रूप में बिजली का उपयोग होगा। इसके लिए बाकायदा वर्कशॉप में एक कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा। जहां इसके मेंटेनेंस व रिचार्ज का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में सभापति राजेश यादव, एमआईसी भोला महोबिया, अब्दुल गनी, दीपक साहू आदि उपस्थित रहे।
1 घंटे की चार्जिंग से 6 घंटे तक कर सकेंगे उपयोग
निगम ने प्रति नग 2,07,900 लाख रुपए कीमत पर यह रिक्शा खरीदा है। दिल्ली की मेक ऑटो नामक कंपनी से यह ई-रिक्शा खरीदे जा रहे। दावा किया जा रहा कि इन ई-रिक्शा को 1 घंटे चार्ज करना होता है, इसके बाद यह अधिकतम 6 घंटे तक कार्य कर सकता है। इस प्रकार सुबह व शाम दोनों ही समय इसका उपयोग किया जा सकेगा। अब तक 12 लाख किराए के वाहनों पर कचरा कलेक्शन का कार्य किया जा रहा था। उनकी जगह यह वाहन लेंगे।