बीएसपी: एक साथ दो छोटे मकानों का होगा आवंटन
बीएसपी प्रबंधन ने टाउनशिप में अपने मकानों को कब्जे में जाने से रोकने के लिए नई तरकीब निकाली है। अब वह एक साथ दो छोटे मकान कर्मी को अलाट करेगी। इसमें 400 वर्गफुट या उससे कम साइज के मकान शामिल होंगे।
बीएसपी के ट्यूबलर शेड वाले मकान करीब ढाई सौ वर्गफुट के हैं। इस साइज के ज्यादातर मकान कैंप और खुर्सीपार एरिया में है। इनमें आधे से अधिक मकान कब्जे में है। जिनका प्रबंधन को न तो किराया मिल रहा, न ही कब्जेधारी पानी और बिजली बिल का भुगतान कर रहे। इन कब्जेधारियों के कारण बीएसपी को हर साल कितना नुकसान हो रहा है इसका अंदाजा महज बिजली की खपत से लगाया जा सकता है। हर साल इन इलाकों से बीएसपी की तीन करोड़ की बिजली चोरी हो रही है।
मकान छोटा के कारण आवेदन नही कर रहे
ट्यूबलर शेड मकान 250 वर्गफुट के हैं। यह काफी छोटा होने के कारण कर्मचारी इसे आवंटित कराने को लेकर रूचि नहीं दिखाते। मकान लंबे समय तक खाली रहने के बाद कब्जा हो जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने 400 और उससे छोटे साइज के एक साथ दो मकानों को आवंटित करने का निर्णय लिया है। कर्मी वरिष्ठता क्रम के अनुसार इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। बीएसपी इंट्रानेट के होमपेज का अवलोकन कर सकते हैं।