30 काे पेश होगा बजट, 23 को एमआईसी में मंथन
दुर्ग निगम की नई शहर सरकार का पहले वित्तीय बजट को लेकर तैयारी तेज हो गई है। दावा किया जा रहा कि इस बार न भारी भरकम आंकड़े बजट में नजर आएंगे, न ही कॉपी पेस्ट विषय व प्रावधान होंगे। प्रावधानिक आंकड़ों को भी वास्तविक के करीब रखा जाएगा। इसे लेकर विधायक अरुण वोरा ने मेयर धीरज बाकलीवाल, एमआईसी अब्दुल गनी सहित निगम के अन्य अफसरों के साथ बैठक की।
प्रक्रिया के तहत वित्तीय बजट को लेकर आय-व्यय का ब्यौरा तैयार किया जा रहा। 23 मार्च तक इसे तैयार कर आयुक्त के अनुमोदन के साथ महापौर परिषद की बैठक में लाए जाने की तैयारी है। महापौर परिषद की बैठक में आवश्यक संशोधनों के साथ सामान्य सभा की तिथि तय होगी। 23 को एमआईसी व 30 मार्च को सभा की संभावित तिथि मानकर तैयारी चल रही।
3.44 करोड़ आय व 4.03 करोड़ व्यय का बजट
वर्ष 2019-20 वित्तीय वर्ष का बजट 3.44 करोड़ रुपए प्राप्तियां (आय) व 4.03 करोड़ व्यय का पेश किया गया था। खबर है कि वर्तमान में वास्तविक आंकड़े 60 प्रतिशत तक ही हैं। इस प्रकार वास्तविक व प्रावधानिक आंकड़ों में एक बड़ा अंतर है। हालांकि पेश होने वाले वित्तीय बजट में वित्तीय वर्ष के वास्तविक आंकड़ों की जगह पुनरीक्षित आंकड़े रखने की तैयारी की जा रही।
शहर सरकार है गंभीर
धीरज बाकलीवाल, मेयर, दुर्ग
जानिए बैठक में इन विषयों को लेकर हुई चर्चा
हुई बैठक में वोरा ने कहा कि पिछले 20 सालों से केवल आंकड़ों की बाजीगरी बजट में नजर आई, अब निगम में ऐसा न हो। मेयर की जिम्मेदारी है कि वह इसे सुनिश्चित कराएं। भटकाव की स्थिति न हो, इसलिए मूल विषयों को ही बजट में समाहित कर प्रावधान तय हो। बैठक में वोरा ने साढ़े 11 करोड़ के कार्यों की स्वीकृति के बारे में जानकारी ली। आयुक्त इंद्रजीत बर्मन ने उन्हें बताया कि 42 कार्य प्रगति पर हैं, 57 पूरे हो चुके हैं और 20 कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। वोरा ने पुलगांव नाला डायवर्सन, मल्टीलेवल पार्किंग, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, तालाबों की सफाई सहित अन्य विषयों को लेकर भी जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनता की मांगों को लेकर भी बात की।
23 या 24 को मेयर देवेंद्र पेश कर सकते हैं बजट समीक्षा में जरूरी कामों को शामिल करने निर्देश
बैठक के दौरान अधिकारियों से विभागवार जानकारी लेते मेयर देवेंद्र।
भिलाई| भिलाई का बजट 23 या 24 मार्च को पेश हो सकता है। यह भिलाई मेयर देवेंद्र यादव के कार्यकाल का आखिरी बजट होगा। इधर बजट को लेकर अधिकारियों की बैठक देवेंद्र यादव ने ली है। बजट में कई महत्वपूर्ण कार्यों को सम्मिलित करने के निर्देश दिए। यादव द्वारा विभाग वार समीक्षा की गई। जिसमें वर्तमान में चल रहे प्रगति रत कार्य एवं बजट में सम्मिलित किए जाने वाले कार्य शामिल है। जनता को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिलने वाले लाभ के विषय में विस्तार से चर्चा की गई। पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा,खेलकूद, सौंदर्यीकरण, विद्युत, वाहन, पेयजल, आवास आदि की गहन समीक्षा की गई। महापौर ने बारी-बारी से कार्यों, बजट के लिए प्रस्तुत किए गए कार्यों की जानकारी लेते जरूरी कार्यों को शामिल करने कहा।
सर्किट हाउस में शहर विधायक अरुण वोरा ने मेयर धीरज बाकलीवाल एमआईसी अब्दुल गनी सहित अन्य के साथ की बैठक में चर्चा की गई।