शुकताल के लिए दुर्ग स्टेशन से भक्तों का जत्था हुआ रवाना
शुकताल मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश में श्रीमद्भागवत कथा के लिए 300 भक्तों का जत्था शुक्रवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ।
ट्विनसिटी के भक्तों ने भगवान के जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा शुरू की। यह आयोजन श्री भागवत भक्त परिवार छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में किया जा रहा है। संरक्षक इंदिरा नगर हथखोज वाले आचार्य मोनू महाराज ने बताया कि शुकताल, भागवत कथा का उदय स्थल है, जहां पहली बार शुकदेव जी ने राजा परीक्षित को भागवत की कथा सुनाकर जीवन से मुक्ति प्रदान कराई थी। ऐसे पुण्यप्रद दिव्य स्थान में विराजित होकर कथा श्रवण करने का पुण्य अनंत गुना बताया गया है। आचार्य ने बताया कि इसी तरह से हर साल सभी तीर्थों में भागवत कथा के आयोजन का शुभसंकल्प भागवत भक्त परिवार ने लिया है।
स्टेशन पर भगवान के जयकारे के साथ भक्तों ने अपनी यात्रा शुरू की।