पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

12 मार्च से दुर्ग विवि की परीक्षा, 63 केंद्र बनाए, 1.45 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं होली के दूसरे दिन से यानी 12 मार्च से होगी। विवि ने 63 केंद्र और 12 उपकेंद्र बनाए हैं। परीक्षा में इस बार 1.45 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। वर्ष 2018-19 में 1.43 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इस तरह पिछले साल की तुलना में शिक्षा सत्र 2019-20 की परीक्षा में करीब दो हजार परीक्षार्थी अधिक शामिल हो रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी प्राइवेट परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या अधिक है।

इन दिनों सभी परीक्षा केंद्रों में उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का काम किया जा रहा है। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उनकी मांग के अनुसार उन्हें एडवांस भी दिया गया है, ताकि परीक्षा में किसी तरह की दिक्कतें न आए। पिछले दिनों हुई बैठक में उन्हें प्रश्नों पत्रों के वितरण, उसे कलेक्ट करने के तरीके, उत्तर पुस्तिकाओं में छात्रों से ली जाने वाली आवश्यक जानकारियां आदि के बारे में जानकारी दी गई है। 11 मार्च को अंतिम तैयारी होगी।

यूजर आईडी व पासवर्ड का प्रयोग कर लें प्रिंट आउट


कॉलेज प्रबंधन की ओर से अपील की जा रही है कि जो स्टूडेंटस अब तक प्रवेश पत्र नहीं निकाल पाए है, वे 11 मार्च तक निकाल लें, ताकि बाद में सर्वर डाउन की समस्या से न जूझना पड़ें। दुर्ग विश्वविद्यालय ने नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसके अनुसार प्रवेश पत्र के लिए स्टूडेंट्स आवेदन भरते समय उपयोग की गई यूजर आईडी एवं पासवर्ड का प्रयोग करते हुए विश्वविद्यालय के वेबसाइट www.durguniversity.ac.in के क्विक लिंक पर डाउनलोड एडमिट कार्ड विकल्प पर जाकर स्टूडेंट क्लिक लॉगइन पोर्टल पर क्लिक कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 9713387094, 9713387495 पर संपर्क कर सकेंगे।

इसके अलावा संबंधित कॉलेज में इस संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क सेंटर बनाए गए हैं ताकि किसी प्रकार की परेशानी छात्र-छात्राओं को न हो।

संख्या घटी: पिछले साल की तुलना में इस बार 2 हजार परीक्षार्थी कम हो रहे एग्जाम में शामिल

नकल रोकने बनाई गई फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम

परीक्षा में नकल रोकने के लिए विवि ने फ्लाइंग स्क्वॉड की एक टीम बनाई है। इसमें विवि में कार्यरत सभी अधिकारियों को रखा गया है। साथ ही चार सदस्य बाहर के भी हैं। टीम को सभी केंद्रों में जाकर परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। शंका होने पर वह छात्र की पूरी चेकिंग कर सकेंगे।

समाज शास्त्र में सबसे ज्यादा 7330 परीक्षार्थी

पीजी स्तर पर परीक्षा के लिए कुल 19,094 स्वाध्यायी छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। 7330 परीक्षार्थी समाज शास्त्र के हैं। सबसे कम दर्शन शास्त्र में सिर्फ 23 परीक्षार्थी हैं। हिंदी में 3995, राजनीति शास्त्र में परीक्षा देने के लिए 3093 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।

अंडर ग्रेजुएशन में बीए में सबसे अधिक छात्र

अंडर ग्रेजुएशन लेबल की परीक्षा में हर बार की तरह इस बार भी बीए के सबसे अधिक 74,388 परीक्षार्थी हैं। परीक्षा में 28,184 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बीकॉम में 17,164, बीएचएससी में 368 और बीसीए में 893 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले साल की तुलना में इस बार बीए में करीब दो हजार छात्र-छात्राएं अधिक हैं।

परीक्षा विभाग से ही नियंत्रित होंगे सारे

परीक्षा के दौरान होने वाली सारी चीजों पर नियंत्रण परीक्षा विभाग का रहेगा। किसी को कोई दिक्कतें होती हैं तो वह परीक्षा विभाग के अफसर डॉ. राजमणि पटेल और अंतराम चौरे से संपर्क कर सकेंगे। कोई और परेशानी होगी या सूचना का अदान-प्रदान करना होगा तो विवि से संपर्क करेंगे।
खबरें और भी हैं...