रात का पारा 19 डिग्री पार, आज कल पानी गिरने की संभावना
छत्तीसगढ़ के ऊपर बनी कम दबाव की पट्टी के कारण ट्विनसिटी में सोमवार को तेज बौछार तथा मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 15 मार्च तक इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है।
इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। बादलों के हटने से दिन का पारा बढ़ सकता है और रात के पारे में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। दो-तीन दिन तक इसका प्रभाव रहेगा। इसके बाद दिन और रात दोनों के तापमान में वृद्धि होने लगेगी। रविवार को ट्विनसिटी में रात का पारा 19.2 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग राज्य में सबसे अधिक गर्म रहा। दूसरे स्थान पर जगदलपुर और तीसरे स्थान पर राजनांदगांव रहा। सुबह वातावरण में नमी की मात्रा 76 फीसदी और शाम को 41 फीसदी रही। सुबह कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी पड़ीं। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा ने बताया कि अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है।