55 प्लस डबल्स के खिताब से चूके भिलाई के राजेश पाटिल
छत्तीसगढ़ टेनिस संघ की मेजबानी में वीआईपी क्लब में आयोजित इंटरनेशनल टेनिस चैंपियनशिप में भिलाई के राजेश पाटिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस इंटरनेशन चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई और कड़ा संघर्ष किया। 55 प्लस कैटेगरी डबल्स के फाइनल में भिलाई के राजेश पाटिल और एसबी शर्मा की जोड़ी को कुलदीप सिंह और संजय कुमार की जोड़ी ने करीबी मुकाबले में 2-1 से हराया। राजेश पाटिल खिताब से चूक गए। उन्हें उपविजेता के खिताब से ही संतुष्ट होना पड़ा। 55+ कैटेगरी में कुलदीप और संजय ने तीन सेट में यह खिताब अपने नाम कर लिया।
विनोद और रोहन की जोड़ी बनी चैंपियन
इधर... 35 प्लस डबल्स कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में विनोद श्रीधर-रोहन नारायण की जोडी ने रविंद्रनाथ पांडेय और फरीद उस्मानी की जोड़ी को सीधे सेट में 6-2, 6-2 से हराकर चैंपियनशिप हासिल की। वहीं, 45 प्लस डबल्स कैटेगरी में सुनील-राहुल व्यास ने 7-6(5), 2-6, 10-7 से जीत हासिल की।
नेल्सन जतिन ने भी जीता गोल्ड मेडल
नेल्सन जतिन कुमार ने आईटीएफ सीनियर इंटरनेशनल चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। प्रदेश के नेल्सन ने 45 प्लस मेंस सिंगल्स कैटेगरी में पहली बार गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल मुकाबले में नेल्सन ने राहुल शर्मा को सीधे सेट में 2-0 से मात दी। नेल्सन के खिलाफ राहुल पहले सेट में एक पॉइंट ही हासिल कर सके। लेकिन नेल्सन ने शानदार शॉट्स के साथ 6-1 से बढ़त हासिल की।
फाइनल का पहला सेट राजेश व शर्मा ने जीता
कुलदीप सिंह और संजय कुमार की जोड़ी का मुकाबला एसबी शर्मा-राजेश पाटिल से हुआ। पहला सेट एसबी शर्मा-राजेश पाटिल ने 6-2 से जीतकर संजय-कुलदीप पर दबाव बना लिया था। लेकिन इसके बाद संजय-कुलदीप ने शर्मा और राजेश को बढ़त बनाने का कोई मौका नहीं दिया और 6-4, 10-5 से मुकाबला जीत हासिल कर 55 प्लस डबल्स कैटेगरी का खिताब अपने नाम किया।
राजेश पाटिल और एसबी शर्मा की जोड़ी ने फाइनल में किया संघर्ष।