साइंस कॉलेज में नए सत्र से ऑनलाइन होगी भर्ती
साइंस कॉलेज में नए शिक्षा सत्र 2020-21 में छात्रों को ऑनलाइन प्रवेश दिया जाएगा। शुरुआत में सेकंड और फाइनल इयर के स्टूडेंट्स को प्राथमिकता दी जाएगी।
जो छात्र प्रवेश ले चुके हैं, उनका नवीनीकरण किया जाएगा। कॉलेज में प्रवेश लेते ही छात्रों का ऑनलाइन रिकार्ड बनने लगेगा। बाद में इसमें छात्रों की कक्षा में नियमित उपस्थिति, यूनिट टेस्ट का रिकार्ड आदि भी दुरूस्त होने लगेगा। किसी भी छात्र या छात्रा के संबंध में एक क्लिक में कोई भी जानकारी मिल सकेगी। छात्रों के पैरेंट्स को भी प्रोग्रेस के बारे में बताएंगे।
सुविधा : विद्यार्थियों की एकेडमिक, स्पोर्ट्स और कल्चर समेत सभी एक्टिविटी पर रहेगी नजर
कैंपस प्लेसमेंट की भी तैयारी कर रहे : डॉ. सिंह
संस्था के प्राचार्य डॉ. आरएन सिंह ने आईक्यूएसी की बैठक में बताया कि आज अभिभावकों और छात्र-छात्राएं सभी कॅरियर ओरिएंटेड हो गए हैं। प्रवेश के लिए आते हैं तो कोर्स को देखने के बाद पूछते हैं कि पढ़ाई के बाद कहां जॉब मिल सकेगा। इसी बात को ध्यान में रखते हुए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए कैंपस प्लेसमेंट की तैयारी की जा रही है। बड़ी कंपनियों यहां आमंत्रित किया जाएगा।
साइंस कॉलेज में अलग-अलग कॉलेजों के प्राचार्यों की बैठक हुई।
गेस्ट लेक्चर को यू ट्यूब में करें अपलोड : डॉ. रक्षा
बैठक में शामिल श्रीशंकराचार्य की प्राचार्य डॉ. रक्षा सिंह ने कहा कि प्राध्यापकों एवं आमंत्रित वक्ताओं के व्याख्यान को यू ट्यूब में अपलोड किया जाए। कक्षा के बाद भी छात्र उसे देख और सुन सकेंगे। अपने डाउट क्लियर कर सकेंगे। जो छात्र किसी कारणवश गेस्ट लेक्चर अटेंड नहीं कर पाए हैं, उन्हें भी आसानी होगी।
स्टूडेंट्स का मॉक इंटरव्यू भी होना चाहिए : शर्मा
बीएसपी के रिटायर्ड ईडी आरके शर्मा ने कहा कि प्लेसमेंट में सफलता के लिए मॉक इंटरव्यू आयोजित की जाए। इससे उन्हें तैयारी करने में आसानी होगी। साथ ही विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम और उनकी उपस्थिति पालकों को भेजी जाए। मो. फारूख ने प्लेसमेंट की संख्या बढ़ाने की कोशिश करने का आग्रह किया। दिग्विजय कॉलेज की डॉ. अनिता शाहा कॉलेज की गतिविधियां नैक मूल्यांकन के अनुसार संचालित किया जाए।