सूखी होली खेलकर जल और सेहत दोनों बचाएं
सोमवार को होलिका दहन के साथ रंगों के त्योहार की शुरुआत हो चुकी है। आज प्रेम, सद्भावना और भाइचारे में रंगने का दिन है। ट्विनसिटी में इसे अलग-अलग ढंग से मनाने की तैयारी भी हो चुकी है। ज्यादातर लोग जागरूकता का परिचय देते हुए सूखी होली खेलेंगे।
खासतौर पर फूलों की होली हर जगह आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके पीछे नेक सोच है, इससे लाखों लीटर पानी बचेगा, जिसे हम पर्व मनाने के नाम पर ही व्यर्थ बहा देते हैं। साथ ही सूखी होली खेलने से कैमिकल युक्त रंगों से भी बचा जा सकेगा, जिससे सेहत को नुकसान भी नहीं होगा। आप भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सूखी होली खेलकर पर्व को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं। कान्यकुब्ज सामाजिक चेतना मंच द्वारा 10 मार्च को शाम 5 बजे से मानव आश्रम सेक्टर-1 में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष होली फूलों से मनाई जाएगी।
ग्राम धनोरा में जलाई गई नारियल, कपड़ों की होली
उतई|बाबा दरबार धनोरा में नारियल, कपड़ा, नीबू भेलवा की होली जलाई गई। लक्ष्मण बाबा, गज्जू बाबा, चंद्रकांत कोसरे ने पहले विधि-विधान से पूजा कराई। फिर चकमक पत्थर की चिंगारी से होली जलाई गई। लोगों ने अपने पुराने कपड़े, नारियल नीबू आदि होलिका में डाले।
कादंबरी नगर मंदिर में फाग उत्सव रंग, गुलाल है वर्जित
कादंबरी नगर दुर्ग स्थित श्याम बाबा, रानी सती दादी और हनुमान मंदिर प्रांगण में फाग उत्सव का आयोजन आज होगा। सुबह 9 बजे से फूलों की होली खेली जाएगी। मंदिर प्रांगण में रंग और गुलाल का उपयोग पूरी तरह वर्जित है।
लोधी समाज ने इको फ्रेंडली होली मनाने लिया संकल्प
वीरांगना अवंती बाई लोधी महिला समिति के द्वारा महिला दिवस व होली मिलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने इको फ्रेंडली होली मनाने का संकल्प लिया। होलिका में कपूर, इलाइची, लौंग, जावित्री फूल को डाला, ताकि वायरस दूर हो। होली मिलन के कार्यक्रम में महिलाओं ने नेचुरल कलर से एक-दूसरे को टीका लगाया। गले मिले। फाग गीत और नगाड़े बजाए। महिलाओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक खेल भी हुए। संचालन सावित्री जंघेल ने किया।
आज सेक्टर-5 में मेयर देवेंद्र खेलेंगे फूलों की होली
मेयर व विधायक देवेंद्र यादव होली त्योहार सेक्टर-5 और हाउसिंग बोर्ड मनाएंगे। देवेंद्र सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक सेक्टर-5 निवास में रहेंगे। इस दौरान सेक्टर-5 निवास में फूलों और फाग गीतों का आयोजन होगा। मेयर ने शहरवासियों से अपील की है कि कोरोना वायरस को ध्यान में रखकर होली का पर्व मनाएं। पानी की बर्बादी न करें।
रिसाली सेक्टर में सुबह होली मिलन, फिर होगा लाफ्टर शो
आदर्श सांस्कृतिक व क्रीड़ा मंडल द्वारा दशहरा मैदान रिसाली सेक्टर में 10 मार्च की सुबह 7.30 से 9 बजे तक होली मिलन का आयोजन किया गया है। इसके बाद लाफ्टर शो का आयोजन होगा। होली गीत गाए जाएंगे। नगाड़े भी बजेंगे।
हाउिसंगबोर्ड भिलाई में अग्रवाल समाज द्वारा पूजा-अर्चना के बाद होलिका दहन किया गया। इसके बाद समाज के लोगों ने फूलों की होली खेली।
सेक्टर-2 में महिलाओं ने होलिका दहन किया और फूलों की होली खेली। इस दौरान फाग गीत भी गाए।