तालपुरी इंटर नेशनल कॉलोनी में दो हफ्ते बाद स्ट्रीट लाइट की बिजली बहाल, राहत
कॉलोनी वालों को राहत मिली।
भिलाई|तालपुरी इंटर नेशनल कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की बिजली बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सीएसईबी ने 19 फरवरी को छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा बिजली बिल का भुगतान न करने से स्ट्रीट लाइट की बिजली काट दी थी। आयुक्त भीमसिंह ने 10 लाख रुपए का भुगतान किया, जिसके बाद बिजली पुनः जोड़ दी गई। सीएसईबी ने पहले ‘बी’ ब्लॉक के मेन गेट से क्लब हाउस तक ही बिजली जोड़ी थी। जब रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष यमलेश देवांगन ने आयुक्त से इस बात की शिकायत की, तब कहीं जाकर सीएसईबी ने सभी मुख्य मार्गों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों की बिजली जोड़ी। हाउसिंग बोर्ड पर दोनों ब्लॉकों का अभी भी सीएसईबी के लगभग 51 लाख रुपए बकाया है। सीएसईबी ने हाउसिंग बोर्ड को हिदायत दी है कि यदि उसने महीनेभर में बकाया भुगतान नहीं किया, तो पुनः बिजली काट दी जाएगी। इससे पहले आयुक्त ने पंप हाउस के लिए 4.51 लाख, लिफ्ट के लिए 10 लाख जमा किए थे।