कुर्सी पर पर्स रख हाथ धोने गई दूल्हे की मां, बदमाश ले गया बैग
पुलगांव थाना क्षेत्र के अभिनंदन पैलेस पर 10 दिन पहले दूल्हे की मां का पर्स चोरी हो गया। मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश बैग ले जाता हुआ कैद हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है। मैनेजर दूल्हे की मां कुर्सी पर पर्स रखकर हाथ धोने चली गई थी। इसी दौरान बदमाश पर्स चोरी करके फरार हो गया।
पर्स में सोने चांदी के जेवर, 80 हजार रुपए कैश, मोबाइल समेत अन्य सामान थे। पुलिस ने निजी कंपनी से रिटायर्ड इंजीनियर ईश्वर दास डोंगरे निवासी आनंद नगर उतई की शिकायत पर गुरुवार को चोरी का केस दर्ज किया है। इंजीनियर ने बताया कि घटना 3 मार्च की रात 1 बजे की है। डेंटिस्ट बेटी श्वेता की मैरिज गार्डन में शादी थी। बारात कोंडवा गांव गोंदिया (महाराष्ट्र) से आई थी। मैनेजर दामाद यश की मां साधना खाना खाने के बाद कुर्सी पर पर्स रखकर हाथ धोने चली गई थी। लौटी तो पर्स गायब था। इसके बाद गार्डन में लगे कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि बदमाश पर्स लेकर बाहर निकल रहा है। फुटेज देखने के बाद पता चला कि वह पहले से शादी समारोह में शामिल था। वह मेहमानों के साथ कुर्सी पर बैठा हुआ था। कुर्सी पर पर्स रखा देख वह नजदीक पहुंचा और चोरी करके फरार हो गया।