खुर्सीपार में पहली से 8वीं तक और भिलाई-3 में 9वीं से 12वीं तक होगी अंग्रेजी में पढ़ाई
नए शिक्षा सत्र 2020-21 से बालाजी नगर खुर्सीपार स्थित स्कूल में 1ली से 8वीं तक और जनता उच्चतर माध्यमिक शाला भिलाई-3 में 9वीं से 12वीं तक कॉमर्स की पढ़ाई अंग्रेजी मीडियम में होगी। पुराने भवनों का मेंटेनेंस करके कक्षाओं की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार पुराने भवन और अति जर्जर हो चुके भवनों को तोड़ा जाएगा। उसकी पुरानी गरिमा को ध्यान में रखते हुए नया भवन बनाया जाएगा। वहां अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी।
इसी संदर्भ में गुरुवार को प्रिंसिपल सेक्रेटरी स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला ने एनसीईआरटी के संचालक जितेंद्र शुक्ला, संयुक्त संचालक शिक्षा प्रकाश पांडेय, कलेक्टर अंकित आनंद, डीईओ प्रवास सिंह बघेल के साथ जिले में प्रस्तावित कुम्हारी, जंजगिरी, भिलाई-3, खुर्सीपार, सेक्टर-6 और पाटन के हायर सेकंडरी स्कूलों का निरीक्षण किया। प्राचार्यों और स्थानीय निकायों के अफसरों से भी आवश्यक जानकारियां लीं।
एक नजर प्लानिंग पर भी
15 जून से होंगे अंग्रेजी मीडियम स्कूल शुरू
पाटन में स्कूल में देखे लैब, लाइब्रेरी और कमरे
शाम को राजनांदगांव से लौटते हुए पाटन स्थित शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक स्कूल का निरीक्षण किया गया। यहां पर प्रयोगशालाएं और स्कूल में बनाए गए पुस्तकालय को देखा गया। भवन की स्थिति का भी बारीकी से मुआयना किया गया।
निरीक्षण के बाद डॉ. शुक्ला ने कहा कि किसी भी स्कूल में उसका लाइब्रेरी का समृद्ध होना जरूरी है। तभी बच्चों को सही ज्ञान मिल सकता है।
पहल: सेक्टर-6, खुर्सीपार, कुम्हारी, पाटन, जंजगिरी और भिलाई-3 में लगेंगी कक्षाएं
{6 कमरे की स्वीकृति कुम्हारी स्कूल की हो चुकी
{2.50 करोड़ से होगा जनता स्कूल का उन्नयन
{4 स्कूलों में 1ली से 12वीं तक लगेंगी कक्षाएं
भिलाई-3 स्कूल को मिलेंगे 2.50 करोड़
भिलाई-3 जनता शाला 1952 में बना है। सभी कमरों की स्थिति खराब है। इसे तोड़कर नया बनाने का प्रस्ताव है। 20 लाख की लागत से पुराने 12 कमरों का मेंटेनेंस करेंगे। फिर पुराने भवन को तोड़कर 2.50 करोड़ की लागत से नया भवन बनाएेंगे। जिम्मेदारी भिलाई-3, चरोदा निगम के आयुक्त कीर्तिवर्धन राठौर को दी गई। महापौर चंद्रकांता मांडले व नेता प्रतिपक्ष संतोष तिवारी साथ रहे।
बालाजी नगर खुर्सीपार में बनाए जाएंगे नए भवन
बालाजी नगर खुर्सीपार स्कूल में भी 1ली से 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं शुरू करने का प्रस्ताव है। यहां जरूरत के अनुसार भवन की कमी देखी गई। हायर सेकंडरी स्कूल की जरूरत के मुताबिक संसाधन भी कम लगे। इसे देखते हुए यहां प्राइमरी और मिडिल स्कूल संचालित करने का अनुमोदन किया गया। डॉ. शुक्ला ने यहां पहली से 8वीं तक कक्षा शुरू करने कहा है।
सेक्टर-6 स्कूल में 1ली से 12वीं तक की होगी पढ़ाई
सेक्टर-6 साईं मंदिर के पास मॉडल स्कूल में नए शिक्षा सत्र से कक्षा 1ली से लेकर 12वीं तक अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई होगी। यहां के भवनों को देखकर प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. शुक्ला ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारियां लीं। प्राचार्य से स्कूल से संबंधित अन्य जानकारियां लीं।
भिलाई के स्कूलों को देखने शिक्षा सचिव के साथ मेयर देवेंद्र साथ रहे।