पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
राजनांदगांव. जिले के मानपुर मोहला में नक्सलियों का बड़ा लीडर माना जाने वाला गैंद सिंह अब नक्सलवाद छोड़ चुका है। उसने शनिवार को पुलिस महकमे के आला अफसरों के सामने सरेंडर कर दिया। गैंद के साथ उसकी प्रेमिका 5 लाख की इनामी रमशिला ने भी सरेंडर किया है। गैंद, रमशिला से शादी करना चाहता है। उसने पत्रकारों से कहा कि वह नई जिंदगी शुरू करना चाहता है, नक्सलियों के तौर-तरीके सही नहीं है। पुलिस का अभियान भी मानपुर इलाके में बढ़ चुका है इस वजह से एक आम जिंदगी जीने के मकसद से मैंने नक्सलवाद छोड़ने का फैसला किया।
नक्सल संगठन हो रहा है कमजोर
गैंद सिंह ने कहा कि कई सालों से इलाके में नक्सलियों ने भर्ती नहीं की है। लगातार मुठभेड़ और सरेंडर की वजह से नक्सल संगठन कमजोर हो रहा है। यहां के नक्सलियों को आंध्र के नक्सली लीड करते हैं। नक्सली अपने साथियों को शादी करने नहीं देते। जंगल के अंदर जीवन आसान नहीं है। ऐसे में सरकार की योजना से प्रभावित होकर मैंने सरेंडर कर दिया।
मानपुर की बड़ी नक्सल वारदात में था शामिल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंद सिंह मानपुर की बड़ी नक्सल वारदातों में शामिल रहा है। वह यहां साल 2006 से नक्सल गतिविधियों में शामिल रहा। मूलत: कांकेर का रहने वाला गैंद सिंह 20 से 25 लूट, विस्फोट और हमलों की घटनाओं में शामिल रहा है। आंध्र के नक्सली नेताओं के तौर-तरीकों से तंग आकर उसने संगठन छोड़ने की सोची। यह बड़ी सफलता है अब आगे अन्य नक्सलियों को पकड़ने की रणनीति बनाई जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.